सैम्यूअल लैंघोर्न क्लेमेन्स (30 नवंबर, 1835 - 21 अप्रैल, 1910), जो अपने उपनाम मार्क ट्वेन से जाने जाते थे, अमेरिकी लेखक, हास्यकार, उद्यमी, प्रकाशक और व्याख्याता थे। उन्हें "संयुक्त राज्य अमेरिका का सबसे महान हास्य कलाकार" के रूप में सराहा गया था। उन्होंने अपने जीवन में कई काम किए। शुरू में वह प्रिंटिंग प्रेस में काम करते थे। फिर इसे छोड़कर वह स्टीमबोट पर पायलट का काम करने लगे। उनके उपन्यास विनोदी हुआ करते थे। उनके नॉवेल समय के साथ बहुत लोकप्रिय होते चले गए। उनके दो नॉवेल तो विश्व प्रसिद्ध हुए—ये थे 'टॉम सॉयर के एडवेंचर्स' और 'हकलबेरी फिन के एडवेंचर्स'। यहाँ तक कि अर्नेस्ट हेमिंग्वे जैसा लेखक भी उनका लोहा मानता था और उनकी तारीफ करता था।