सुखवन का सुख (बाल कहानी) : मनजीत शर्मा 'मीरा'
एक समय की बात है, हिमालय की शीतल तलहटी में बसा था एक छोटा-सा राज्य जिसका नाम था 'सुखवन'। 'सुखवन' राज्य सचमुच अपनी नाम की तरह खुशहाली का आशियाना था। चारों ओर फैली हरी-भरी घाटियाँ, चाँदी की तरह चमचमाती नदियाँ और हवा में तैरती भीनी-भीनी सुगंध इस राज्य को किसी जीवित फंतासी जैसा रूप देती थीं। यहाँ के न्यायप्रिय राजा विक्रम और दयालु रानी सुमित्रा केवल शासन नहीं करते थे बल्कि प्रजा को अपनी संतान की तरह पालते भी थे। राजा के सफेद बालों में वर्षों के अनुभव की गरिमा थी तो रानी की आँखों में असीम वात्सल्य। राज्य में धन-धान्य का भंडार कभी खाली न होता था और प्रजा अपने राजा-रानी की दीर्घायु के गीत गाते नहीं थकती थी।
राजा-रानी अपनी प्रजा की भलाई के लिए नित नए प्रयास करते। राजा अगर व्यापार और सुरक्षा के रास्ते सुगम बनाते तो रानी शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रबंध में जुटी रहतीं।
वार्षिक 'फसल महोत्सव' के दौरान जब पूरा राज्य नाच-गाने और दावतों में डूब हुआ था तब एक गरीब किसान का नन्हां बच्चा गिरकर चोटिल हो गया। राजा विक्रम ने स्वयं आगे बढ़कर अपने हाथों से उस बच्चे को उठाया और उसके घाव पर पट्टी बाँधी। इस सहृदयता ने प्रजा के दिलों में राजपरिवार के प्रति अगाध प्रेम भर दिया।
लेकिन समय का पहरा सदा एक-सा नहीं रहता। एक दिन सुखवन की इस हँसती-खेलती खुशहाली को न जाने किसकी बुरी नज़र लग गई। नीले आसमान से बादल अचानक ऐसे गायब हुए जैसे कभी थे ही नहीं। देखते ही देखते भीषण सूखे ने पूरे राज्य को अपनी चपेट में ले लिया। कल-कल बहती नदियाँ सूखकर रेतीले रास्तों में बदल गईं, लहलहाते खेत बंजर होकर दरकने लगे और अकाल का काला साया चारों ओर मँडराने लगा। हरियाली की जगह धूल और मायूसी ने ले ली।
स्थिति तब दिल दहला देने वाली हो गई जब गाँव-गाँव में भुखमरी पैर पसारने लगी। गरीब किसान रामू की बीमार पत्नी बिस्तर से लग चुकी थी और उसके मासूम बच्चे एक-एक निवाले के लिए तरस रहे थे। लाचार रामू जब रोते हुए महल पहुँच तो राजा विक्रम ने बिना एक पल गँवाए शाही अन्न भंडार के दरवाज़े प्रजा के लिए खोल दिए। किंतु प्रकृति की मार इतनी निष्ठुर थी कि शाही भंडार भी खाली होने लगे। भूख से बिलखते लोगों का धैर्य जवाब देने लगा और जिस राज्य में कभी प्रेम और भाईचारे का संगीत गूँजता था, वहाँ अब चोरी, लूटपाट और अराजकता का खौफनाक सन्नाटा छाने लगा।
एक रात गाँव के सरकारी गोदाम में सन्नाटे को चीरती हुई कुछ आहटें गूँजीं। अकाल से बेबस होकर कुछ चोर अनाज चुराने की नीयत से भीतर घुस आए थे। किस्मत से गाँव के साहसी युवक हरि की नज़र उन पर पड़ गई। हरि ने बिना अपनी जान की परवाह किए शोर मचा दिया। पकड़े जाने के डर से चोर तो भाग निकले लेकिन भागते-भागते उन्होंने हरि पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस वारदात ने पूरे सुखवन में दहशत का ज़हर घोल दिया। जो लोग कल तक एक-दूसरे के सुख-दुख के साथी थे, आज वही अविश्वास के साए में जीने लगे। लोग घरों में बंद रहने लगे। ढलते सूरज के साथ घर के किवाड़ बंद हो जाते। मासूम बच्चे डर के मारे सहम उठते और राज्य में असुरक्षा की काली छाया घनी होती चली गई।
जब यह दुखद खबर महल तक पहुँची तो राजा विक्रम का दिल तड़प उठा। उन्होंने व्यथित होकर रानी से कहा, "रानी, भूख ने हमारी प्रजा से उनका विवेक और सुरक्षा का अहसास छीन लिया है। अगर ऐसा ही रहा तो सुखवन भीतर से टूट जाएगा।"
प्रजा के बिखरते हौसले को सँभालने के लिए राजा और रानी ने महल के प्राँगण में एक विशाल सभा का आयोजन किया। सभा में जुटी भीड़ के चेहरों पर भुखमरी की लाचारी और डर की लकीरें साफ दिख रही थीं। माहौल में एक भारी उदासी छाई थी। तभी राजा विक्रम की ओजस्वी और गंभीर आवाज़ गूँजी, "मेरे प्रिय प्रदेशवासियो! यह कठिन समय हमारी सहिष्णुता और इंसानियत की परीक्षा का है। संकट के इस दौर में अगर हम आपस में ही लड़ने लगे या एक-दूसरे से डरने लगे तो अकाल से पहले हमारी नीतियाँ हार जाएँगी। हमें एक-दूसरे की ढाल बनना होगा। हमें एक-दूसरे को प्यार और आपसी सहयोग देना होगा। कोई भूखा न सोए। जिसके पास अनाज का एक दाना भी अधिक है, वह अपने भूखे पड़ोसी के साथ उसे बाँटे। जब हम एक-दूसरे का हाथ थामेंगे तभी सुखवन इस विपदा से उबर पाएगा।"
राजा के शब्दों ने बुझते हुए दिलों में उम्मीद की चिंगारी जला दी। कई लोगों की आँखें भर आईं। तभी रानी सुमित्रा आगे आईं और अत्यंत वात्सल्य भरे स्वर में बोलीं, "हमारी धरती माँ आज रुष्ट नहीं बल्कि थक चुकी है। हमने हमेशा प्रकृति से सिर्फ लेना सीखा है, उसे देना नहीं। अगर हम नदियों की स्वच्छता लौटाएँ, नए पौधे रोपें और मूक जीवों पर दया दिखाएँ तो हमारी यह पवित्र वसुंधरा मुस्कुरा उठेगी और हमें फिर से धन-धान्य से सराबोर कर देगी।"
राजा-रानी के इन शब्दों ने प्रजा के मन से भय निकालकर एकता और सेवा का भाव भर दिया। इन संदेशों ने जादू तो कर दिया लेकिन संकट इतना गहरा था कि नदियाँ खुद-ब-खुद बहने वाली नहीं थीं। केवल बातों से सूखे कुएँ नहीं भर सकते थे। ज़मीनी हकीकत अब भी भयावह थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राजा विक्रम ने पड़ोसी राज्यों की ओर मदद के हाथ बढ़ाने का फैसला किया। उनकी दूरदर्शी पुत्री राजकुमारी अन्नपूर्णा का विवाह समृद्ध पड़ोसी राज्य 'जलवन' के राजकुमार से हुआ था। जलवन की ख़ासियत यह थी कि वहाँ के निवासी वर्षा की एक-एक बूँद को तालाबों, बावड़ियों और कुंडों में सहेजकर रखने की कला जानते थे। जल-संरक्षण की इसी प्राचीन और बुद्धिमत्तापूर्ण परंपरा के कारण, भीषण से भीषण अकाल भी जलवन की खुशहाली को छू नहीं पाता था।
राजकुमारी अन्नपूर्णा को जब अपने मायके 'सुखवन' के भीषण अकाल की खबर मिली, तो उनका हृदय द्रवित हो उठा। उन्होंने बिना एक पल का विलंब किए अपने पिता राजा विक्रम को संदेश भिजवाया, "पिताजी, धैर्य रखें! मैं जलवन के सहयोग से शीघ्र ही सुखवन की ओर जल-धाराएँ मोड़ रही हूँ।"
जलवन के कुशल इंजीनियरों ने अथक प्रयास करके विशाल पाइपों और नहरों की शृंखला के माध्यम से जलवन के जलाशयों का पानी सुखवन की सूखी नदियों की ओर प्रवाहित कर दिया। सूखी, दरकी हुई धरती पर जब पानी की पहली कल-कल करती धारा पहुँची तो प्रजा के लिए वह किसी दिव्य चमत्कार से कम न था। खेतों को जीवन मिला और लोगों की आँखों में खोई हुई आस लौट आई।
इसके तुरंत बाद, राजकुमारी अन्नपूर्णा स्वयं सुखवन पहुँचीं। प्रजा को संबोधित करते हुए उन्होंने एक विशाल जनसभा में प्रेरणादायी विचार रखे, "सुखवन के मेरे प्रियजनो! जल ही जीवन का असली आधार है। हमें वर्षा की एक-एक बूँद को सहेजने की कला सीखनी होगी। तालाबों का जीर्णोद्धार करें, नए कुएँ खोदें और जल की बर्बादी को पूरी तरह रोकें। मैंने जलवन में देखा कि कैसे छोटी-छोटी नदियों को जोड़कर और बाँध बनाकर अकाल को मात दी जा सकती है। आइए, हम सब भी मिलकर अपनी धरती को फिर से हरा-भरा बनाएँ!"
राजकुमारी के इस आह्वान पर पूरा प्राँगण तालियों की गड़गड़ाहट से गूँज उठा। देखते ही देखते अन्नपूर्णा के कुशल नेतृत्व में राज्य भर में 'जल संरक्षण अभियान' का नगाड़ा बज गया। जन-आंदोलन का रूप ले चुके इस अभियान में बच्चे, युवा और बुजुर्ग सब कंधे से कंधा मिलाकर जुट गए। बच्चों ने पुराने तालाबों से कचरा हटाकर उन्हें साफ किया तो किसानों ने अपनी-अपनी जमीनों पर जल-संचयन के लिए गड्ढे और पोखर खोदे। प्रजा की इस अथक मेहनत और एकजुटता का सुखद परिणाम जल्द ही दिखने लगा और राज्य की स्थिति में चमत्कारी सुधार होने लगा।
इस पूरे घटनाक्रम ने राजा विक्रम और रानी सुमित्रा की आँखें खोल दीं। उन्हें इस सत्य का बोध हुआ कि सुखवन को किसी की 'नज़र' नहीं लगी थी बल्कि वर्षों से नदियों के अविरल बहने के कारण वे जल-प्रचुरता के भ्रम में जी रहे थे। इसी गफलत में उन्होंने पूर्वजों की प्राचीन जल-संरक्षण प्रणालियों की अनदेखी कर दी थी। अपनी इस ऐतिहासिक भूल का प्रायश्चित करने और सुखवन के भविष्य को सदा के लिए सुरक्षित बनाने हेतु राजा ने बिना संकोच शाही राजकोष के द्वार पूरी तरह खोल दिए ताकि भूल का सुधार हो सके।
लोग प्रभावित हुए। रामू का परिवार जिसकी पत्नी बीमार थी, की पड़ोसियों ने मदद की...अनाज दिया, दवा लाए। हरि, जो घायल था, गाँव वालों ने उसकी भी देखभाल की और मिलकर गश्त लगानी शुरू की। चोरी रोकने के लिए 'रक्षा दल' बनाया गया। युवक रात में पहरा देते और चोरों को पकड़कर राजा के सामने पेश करते।
ऐसे ही एक दिन, रक्षा दल के सिपाहियों ने एक चोर को रंगे हाथों पकड़कर राजा विक्रम के समक्ष पेश किया। राजा ने गंभीर स्वर में उससे पूछा, "तुमने चोरी जैसा अपराध क्यों किया...?"
चोर ने डरते और काँपते हुए सिर झुकाकर कहा, "जहाँपनाह! मैं कोई पेशेवर अपराधी नहीं हूँ। भूख से बिलखते अपने परिवार की लाचारी मुझसे देखी नहीं गई, इसलिए मजबूरी में यह कदम उठा बैठा।"
चोर की व्यथा सुनकर राजा विक्रम का हृदय पिघल गया। उन्होंने एक लंबी साँस ली और करुणा भरे स्वर में बोले, "तुम्हारा अपराध स्वीकार्य नहीं है लेकिन तुम्हें भूखा छोड़ना हमारी भी विफलता थी। इसलिए तुम्हें जेल की सलाखों में भेजने के बजाय हम एक नया अवसर देते हैं। तुम सुखवन का ऋण चुकाओगे—पेड़ लगाओगे, खेतों में पसीना बहाओगे और इस बंजर धरती को दोबारा हरा-भरा बनाने में सहयोग करोगे।"
राजा का ऐसा अनूठा और मानवीय न्याय देखकर चोर की आँखों में पश्चाताप के आँसू छलक आए। उसने उसी क्षण अपराध का रास्ता छोड़ दिया और जी-जान से राज्य की पुनर्निर्माण सेवा में जुट गया।
अकाल से निपटने के लिए अब पूरा सुखवन एक कुटुंब की तरह काम कर रहा था। रानी सुमित्रा ने 'हरित अभियान' का बिगुल फूँका। राज्य का हर नागरिक नदियों के किनारे और खाली पड़ी ज़मीन पर पौधे रोपने लगा। जन-जूनून का असर यह हुआ कि कुछ ही महीनों में सूखी धरती पर हरियाली की नई चादर बिछ गई। जब प्रकृति ने इंसानों के इस अटूट समर्पण को देखा, तो आसमान में काले-घुंघराले बादल घिर आए और झमाझम बारिश होने लगी। प्रजा ने इस बार वर्षा की एक-एक बूँद को सहेजने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
एक दिन, एक छोटी लड़की ने राजा से कहा, "महाराज, मैंने भी एक बीज बोया!" राजा ने मुस्कुराकर उस बच्ची की पीठ थपथपाई और उसे शाबाशी दी। इस छोटी-सी घटना से प्रेरित होकर राजा ने पूरे राज्य में फलदार और छायादार वृक्षों के बीज बंटवा दिए। बच्चों ने नदियों के किनारे पेड़ लगाए और किसानों ने वर्षा जल संग्रहण के लिए कुछ और तालाब खोदे।
कड़े परिश्रम और अटूट एकता का फल आखिरकार मिला। सुखवन की नदियाँ एक बार फिर चाँदी की तरह जगमगाने लगीं, खेतों में सुनहरी फसलें लहलहा उठीं और बगीचे चिड़ियों की चहचहाहट से ऐसे गूँज उठे मानो स्वयं प्रकृति ने प्रजा के इस अनुशासन, प्रेम और दूरदर्शिता को अपना आशीर्वाद दे दिया हो।
राजा विक्रम और रानी सुमित्रा अपनी प्रजा के इस अभूतपूर्व समर्पण, अनुशासन और सहयोग को देखकर भाव-विभोर थे। विपत्ति को अवसर में बदलने की इस ऐतिहासिक सफलता पर, राजपरिवार की अगुआई में पूरे राज्य में एक भव्य 'एकता उत्सव' का आयोजन किया गया। चारों ओर केवल उल्लास और उमंग का वातावरण था। गलियों और चौराहों पर रंगोलियाँ सजाई गई थीं, लोग ढोल-नगाड़ों की थाप पर आनंदित होकर झूम रहे थे और हवा में सामूहिक स्वर में गूँजते एकता के मधुर गीत तैर रहे थे।
उत्सव के इसी मनमोहक माहौल में, वही छोटी बालिका राजा विक्रम के समीप आई और अत्यंत भोलेपन से अपनी नन्हीं उँगलियों से राजा का आँचल छूकर बोली, “महाराज! हमारा सुखवन तो अब पहले से भी कहीं अधिक सुंदर, हरा-भरा और समृद्ध हो गया है!”
बालिका के इन निश्छल और मासूम शब्दों को सुनकर राजा विक्रम और रानी सुमित्रा के चेहरों पर वात्सल्यमयी मुस्कान तैर गई। राजा ने स्नेहपूर्वक उसे गोद में उठा लिया और पूरे जनसमूह की ओर देखते हुए गदगद स्वर में कहा, “प्रिय बच्ची! यह जादुई परिवर्तन केवल मेरा या रानी का चमत्कार नहीं बल्कि तुम सभी के आपसी प्रेम, अटूट एकता, दूरदर्शिता और कठिन परिश्रम का मीठा फल है।”
इसके बाद राजा विक्रम ने ऊँचे मंच से संपूर्ण प्रजा को संबोधित करते हुए कहा, "मेरे प्यारे देशवासियो! आज सुखवन ने पूरे संसार को एक महान पाठ सिखाया है कि संकट कितना भी विशाल और भयानक क्यों न हो यदि हमारे मन में नम्रता, आपसी सहयोग, अनवरत मेहनत, प्रकृति के प्रति सम्मान और एक-दूसरे पर अटूट विश्वास हो तो बड़े से बड़े अकाल को भी मात दी जा सकती है। जब तक हम एक हैं, सुखवन को कोई शक्ति पराजित नहीं कर सकती!"
राजदरबार से लेकर दूर-दराज के गाँवों से आए लोगों ने जब राजा के इन ओजस्वी विचारों को सुना तो उनकी आँखें गर्व और श्रद्धा से भर आईं। सुखवन के निवासियों के हृदय में अपने राजा-रानी और राजकुमारी अन्नपूर्णा के प्रति आदर का स्थान और भी गहरा हो गया। आने वाली पीढ़ियों को सुनाने के लिए अब उनके पास सिर्फ सुख-समृद्धि की नहीं बल्कि संकट से उबरकर पुनर्जीवित हुए अपने राज्य के साहस, न्यायप्रियता और जल-संरक्षण की गौरव-गाथाएँ भी थीं।