शाँतिवन के रक्षक (बाल कहानी) : मनजीत शर्मा 'मीरा'
शाँतिवन नामक एक छोटे से गाँव में एक लड़का रहता था जिसका नाम था रोहित। रोहित का गाँव बहुत ही सुंदर और हरा-भरा था और उसका नाम 'शाँतिवन' सचमुच उस गाँव की आत्मा को दर्शाता था। वहाँ बहुत सारे पेड़ थे जो गाँव के लोगों को फल, छाया, इंधन और ऑक्सीजन देते थे। शाँतिवन की हवा इतनी शुद्ध थी कि लोग गहरी साँस लेकर अपने फेफड़ों में ताज़गी महसूस करते। बरगद की ठंडी छाँव में बैठकर बुज़ुर्ग अपने दिन की शुरुआत करते थे। पेड़ों पर बैठी चिड़ियों का संगीत उनकी रोज़मर्रा की ज़िंदगी का अटूट हिस्सा था। रोहित, जो पेड़ों को अपना दोस्त मानता था, अक्सर रात के अँधेरे में जंगल की खुशबू सूँघता था। उसे पता था कि यही जंगल उनकी असली तिजोरी है जो उन्हें ज़िंदगी देती है।
एक दिन रोहित के गाँव में एक चिकनी, चमकदार कार में एक बड़ा व्यापारी जिसका नाम मिस्टर गर्ग था आया। उसने गाँव की धूल भरी पगडंडी पर इतनी तेजी से ब्रेक लगाए कि सब लोग डर गए और किसी अनहोनी की आशंका से घर के बाहर निकल आए। गाँव के लोगों को अपने सामने देखकर उसने बड़े प्यार से उनसे बातें कीं और बातों ही बातों में उन्हें बताया कि वह उनके गाँव में एक बड़ा कारखाना लगाना चाहता है लेकिन इसके लिए उसे बहुत सारे पेड़ काटने होंगे। व्यापारी की बातें बहुत मीठी थीं, जिनमें 'विकास', 'रोज़गार', और 'आधुनिकता' जैसे भारी-भरकम शब्द थे।
उसने गाँव के सबसे पुराने बरगद के पास खड़े होकर एक बड़ा-सा नक्शा खोला। उस नक्शे पर हरी-भरी जगह की बजाय, विशाल इमारतों और चमकती चिमनियों की तस्वीरें थीं। मिस्टर गर्ग ने घोषणा की, "इन बेकार पेड़ों को हटाकर मैं यहाँ सैंकड़ों लोगों को स्थायी रोज़गार दूँगा। आपकी गरीबी हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी। बस आप सब यह ज़मीन मेरे नाम कर दो। मैं तुम्हें मुँह माँगी कीमत दूँगा।"
रोहित ने अचानक अपनी नज़र मिस्टर गर्ग के चमकदार जूते से हटाकर गाँव के मुखिया के चेहरे पर डाली जो मिस्टर गर्ग की हाँ में हाँ मिला रहे थे। उसके कान में तुरंत पड़ोस के 'हरियालीपुर' गाँव की दर्दनाक यादें गूँज उठीं। ठीक एक साल पहले वहाँ भी 'विकास' के नाम पर जंगल काटे गए थे। लेकिन अब वहाँ न रोज़गार था, न शुद्ध हवा। थी तो केवल खाँसी, प्रदूषण और सूखी ज़मीन। रोहन ने अपनी मुट्ठियाँ भींच लीं। यह विनाशकारी कारख़ाने की टीम पहले हरियालीपुर के पेड़ों को काटकर उसे बंजर बना चुकी है और अब वे उनके गाँव 'शांतिवन' तक भी आ पहुँचे। "मैं ऐसा कभी नहीं होने दूँगा", रोहित ने मन ही मन प्रतिज्ञा की। यह सिर्फ पेड़ बचाने की बात नहीं थी, यह शाँतिवन की आत्मा को बचाने की लड़ाई भी थी।
परंतु गाँव के लोग व्यापारी की चिकनी चुपड़ी बातों में आते जा रहे थे। गाँव के भोले-भाले और गरीब लोगों को व्यापारी की बात ठीक लग रही थी। उन्हें लगा कि कारखाना लगने से उन्हें रोज़गार मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति सुधरेगी। पेड़ों का क्या है वे तो फिर से उग आएँगे। इसलिए बिना सोचे-समझे, बिना किसी दूरदर्शिता के उन्होंने व्यापारी को पेड़ काटने की अनुमति दे दी।
गाँव वालों ने अभी व्यापारी के नाम अपनी ज़मीन की नहीं थी लेकिन ज़ुबानी अनुमति मिलते ही, व्यापारी मिस्टर गर्ग ने तुरंत अपने मज़दूरों की टीम को गाँव भेज दिया। ये मजदूर विशाल व शोर मचाने वाली मशीनों, औजारों और तेज़ कुल्हाड़ियों के साथ गाँव में आ धमके। सबसे पहले उन्होंने गाँव की चौपाल के पास वाले पुराने बरगद के पेड़ को निशाना बनाया। यह वह पेड़ था जिसकी एक मज़बूत टहनी पर गाँव के सबसे छोटे बच्चों का रंगीन टायर वाला झूला बँधा हुआ था।
रोहित को जब पता चला तो वह भागता हुआ वहाँ पहुँचा। उसने देखा कि कुछ छोटे बच्चे जो वहाँ खेलने आए थे, डर से रो रहे हैं। रोहित ने कुल्हाड़ी लेकर खड़े मज़दूरों के सामने अपने हाथ फैला दिए। "रुक जाओ! इस पेड़ को क्यों काट रहे हो? यह हमारी बरगद की ठंडी छाँव है। यह हमारी खुशियों का पहला घर है जहाँ बच्चे इकट्ठे होते हैं! जहाँ सावन में लड़कियाँ झूला झूलती हैं। यहाँ पक्षी अपना घोंसला डालते हैं और चहचहाते हैं। यहाँ...." रोहित बोलता जा रहा था लेकिन उसकी बात कोई नहीं सुन रहा था।
रोहित को ऐसा करते देख, गाँव के कुछ बड़े-बुजुर्ग, जिनमें वे माता-पिता भी शामिल थे जिन्होंने रोहित को डाँटा था, वहाँ इकट्ठे हुए। एक अधेड़ किसान ने रोहित को खींचते हुए कहा, "हट जा, रोहित! अब यह ज़मीन हमारी नहीं, अब यह ज़मीन मिस्टर गर्ग की है। ये छोटी-मोटी झूले जैसी चीज़ें विकास के सामने मायने नहीं रखतीं। हमें जल्दी काम पूरा करवाना है ताकि हमारी पहली तनख्वाह आए। पेड़ों का क्या है हम दोबारा उगा लेंगे। ज़मीन की कीमत तो कम से कम मिलेगी।"
रोहित गिड़गिड़ाया, "क्या कुछ पैसों के लिए तुम बच्चों की हँसी और चिड़ियों के घर भी बेच दोगे?"
लेकिन किसी ने उसकी बात नहीं सुनी। एक भारी वार हुआ, और कुछ ही पलों में, बच्चों के रोने और चिड़ियों के घबराए शोर के बीच, वह बरगद का विशाल पेड़ ज़मीन पर आ गिरा। 'ठंडी छाँव' देने वाला वो सबसे पुराना पेड़ जब बड़े शोर के साथ ज़मीन पर गिरा तो लगा जैसे धरती ने गहरी कराह ली हो। बच्चों का प्रिय झूला टूटकर धूल में मिल गया और उस पेड़ पर बैठे दर्जनों पक्षियों के घोंसले उजड़ गए। कुछ पक्षी पेड़ की टहनियों के नीचे दबकर मर गए। कितने ही पक्षियों के अंडे टूट गए। यह विनाश की पहली और तीखी झलक थी। लेकिन गाँव वालों ने लालच और आशा के अंधकार में अपनी आँखें मूँद ली थीं।
रोहित ने हाथ जोड़कर, पैरों में गिरकर लोगों को फिर समझाने की कोशिश की। उसने बार-बार कहा कि पेड़ हमारे जीवन के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण हैं। "ये सिर्फ लकड़ी नहीं हैं, ये हमारे शांतिवन की धड़कन हैं! वे हमें ऑक्सीजन देते हैं, फल देते हैं और हमें छाया देते हैं। अगर हम पेड़ काट देंगे तो हमारा जीवन बहुत ही मुश्किल हो जाएगा। हमें यह रोज़गार कुछ ही समय में ऐसी बीमारी देगा जिसका कोई इलाज नहीं होगा!"
लेकिन गाँव के लोगों ने 'तत्काल लाभ' के लालच में उसकी बात पर ध्यान नहीं दिया। बूढ़े-बुजुर्गों ने तर्क दिया, "तू बच्चा है, रोहित, तू रोज़ी-रोटी की कीमत नहीं जानता।"
व्यापारी ने दानव की तरह पेड़ कटवाने शुरू कर दिए। एक साल के अंदर ही गाँव ठूँठ होना शुरू हो गया। और फिर वही हुआ जो होना चाहिए था।
फलस्वरूप शांतिवन की हवा जो पहले इत्र की तरह महकती थी, अब गर्म और घुटन भरी हो गई थी। बहुत से लोगों को अस्थमा हो गया। बच्चे हर रोज़ बीमार रहने लगे। गाँव में खूब गर्मी पड़ने लगी। घर के अंदर की दीवारें भी जलने लगी थीं। लोग हर समय पसीने से तर रहते। सबसे बुरा हाल बुजुर्गों का हुआ जो बरगद की ठंडी छाँव में विश्राम करते थे। अब थकान ने उनको घेर लिया था और वे दिन-रात खाँसते रहते थे। अब क्या हो सकता था, तीर हाथ से निकल चुका था।
शांतिवन अब पहले जैसा हरा-भरा नहीं था। जहाँ कभी पत्तों की शीतल हरियाली थी, वहाँ अब केवल धूल और टूटे ठूँठों का वीरान मैदान पसरा था। उसकी आँखों में उदासी और गुस्सा था। लोग बीमार और हताश थे, जैसे गाँव की आत्मा मर चुकी हो। रोहित ने गाँव के लोगों से गहरी निराशा के साथ कहा, "आपने मेरी बात न मानकर बहुत भारी गलती की है। यह घाव गहरा है लेकिन चिंता मत कीजिए और मेरी बात ध्यान से सुनिए। पश्चाताप में समय बर्बाद करने के बजाय अब हमें पेड़ उगाने के लिए काम करना चाहिए। हमें अपने गाँव को फिर से हरा-भरा बनाना चाहिए। इसके लिए मुझे आप सबके हाथों और संकल्प की ज़रूरत है।"
गाँव के लोगों ने रोहित की बात पर गहरे विश्वास और शर्मिंदगी के साथ सहमति जताई। सबने मिलकर एक मीटिंग की और दृढ़ फैसला किया कि अब वे अपनी ज़मीन नहीं बेचेंगे। जो पेड़ कट चुके हैं उनकी भरपाई तो मुश्किल है लेकिन नए पेड़ जरूर लगाए जाएँगे। गाँव वालों की एकता के सामने मिस्टर गर्ग को भी वापस जाना पड़ा क्योंकि कानूनी तौर पर ज़मीन अभी भी किसानों के नाम पर ही थी।
किसानों ने अपनी पिछली स्वार्थ भरी गलती को धोने के लिए मिलकर पेड़ लगाने का काम शुरू किया। रोहित ने भी इसमें बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उसने अपने बचपन के दोस्तों जो अब अपनी भूल स्वीकार कर चुके थे को साथ लिया और एक छोटे से सेनापति की तरह काम करता रहा। उसने पेड़ लगाने के लिए जगह तैयार की। बाज़ार से बीज और खाद लेकर आया। सुबह की पहली किरण से लेकर देर शाम तक, गाँव की हर उम्र के लोग मिट्टी में अपने सपने बोते रहे। यह केवल वृक्षारोपण नहीं था, यह प्रकृति के साथ टूटे रिश्ते को फिर से जोड़ने का सामूहिक यज्ञ था। रोहित ने अपने साथियों की मदद से गाँव में ढेर सारे पेड़ लगाए और उनकी देखभाल की।
धीरे-धीरे गाँव की दशा सुधरने लगी। पहली बारिश एक वरदान की तरह आई, जिसने छोटे पौधों को जीवन दिया। गाँव वालों के मुरझाए चेहरों पर पहली मुस्कान आई। कुछ समय बाद गाँव के लोगों ने देखा कि उनका गाँव फिर से हरा-भरा हो गया है। पेड़ बड़े होने लगे थे और गाँव की सुंदरता फिर से बहाल होने लग गई थी। गाँव के लोगों ने कृतज्ञता के साथ रोहित को धन्यवाद दिया और कहा कि वह एक सच्चा 'पर्यावरणविद् और उद्धारकर्ता' है। अब गाँव की गलियों और सड़कों पर तो हरे-भरे पेड़ थे ही, हर घर के आँगन में भी जीवन का उत्सव था। उन पेड़ों पर जब पक्षी चहचहाते तो ऐसा लगता था जैसे कह रहे हों, "शुक्रिया रोहित, शुक्रिया रोहित..."