सौभाग्य का स्वर्ण कमल (बाल कहानी) : मनजीत शर्मा 'मीरा'

पहाड़ियों की ढलान पर बने एक छोटे से गाँव में जहाँ सूरज की सुनहरी धूप सबसे पहले घास की पत्तियों को छूती थी, एक लड़का रहता था जिसका नाम था... रोहन। अठारह वर्षीय रोहन बहुत ही जिज्ञासु और साहसी प्रवृत्ति का था। उसकी आँखें हमेशा चमकती रहती थीं मानो वे हर पल प्रकृति के नए रहस्यों को कैद करने के लिए उत्सुक हों। गाँव के बाकी बच्चे जहाँ गलियों में शोर मचाते थे, वहीं रोहन या तो बड़े-बुजुर्गों से तरह-तरह की कहानियाँ सुनता या फिर जंगल की पगडंडियों पर घूमकर नई चीज़ें सीखने और अनुभव करने के लिए तैयार रहता। उसके लिए हर पत्ता एक कहानी, हर पहाड़ एक हिम्मत और हर जंगल एक अनसुलझा सवाल था।

एक दिन जब गाँव के बुज़ुर्ग बरगद की छाँव में अपनी पुरानी कहानियाँ सुना रहे थे, रोहन ने एक दबी हुई फुसफुसाहट सुनी। यह फुसफुसाहट गाँव के पास फैले रहस्यमयी जंगल से जुड़ी एक किंवदंती के बारे में थी। जंगल के हृदय में जहाँ सूरज की रोशनी मुश्किल से ही पहुँचती थी, एक बहुत ही सुंदर और अकल्पनीय रूप से दुर्लभ फूल खिलता था। उस फूल को "स्वर्ण कमल" कहा जाता था। यह कोई साधारण फूल नहीं था। किंवदंतियों के अनुसार यह फूल उस परम सौभाग्य का प्रतीक था जो केवल निस्वार्थ हृदय वालों को ही मिलता था। लोक कथाओं के अनुसार इस फूल को बहुत ही शुभ माना जाता था। गाँव वाले मानते थे कि जिसके पास भी यह स्वर्ण कमल होता है वह केवल स्वयं ही संपन्न और खुश नहीं रहता बल्कि उसकी आभा उसके आसपास के पूरे वातावरण को भी छू लेती है जिससे हर घर में संपन्नता और खुशियों की वर्षा होती है। गाँव वालों की नज़रों में यह देवताओं का फूल था और सामुदायिक कल्याण का स्रोत भी।

जब रोहन ने यह रहस्यमय किंवदंती सुनी तो उसके जिज्ञासु हृदय में एक चिंगारी भड़क उठी। उसने तुरंत निश्चय किया कि वह उस स्वर्ण कमल को अपने लिए ढूँढने नहीं जाएगा बल्कि पूरे गाँव के लिए वह सामूहिक सौभाग्य वापस लाने के लिए जाएगा जो समय के साथ फीका पड़ गया था। उसने उत्साह से अपने सबसे करीबी दोस्तों, मीना, जो तर्क में तेज थी और कालू, जो गाँव के जंगल को हथेली की तरह जानता था को बताया लेकिन स्वर्ण कमल के लिए जंगल जाने के इस विचार पर सभी डर गए। उनकी आँखों में जंगल का वो भय स्पष्ट था जिसके लिए कहा जाता था कि घने वृक्षों के बीच भटकती आत्माएँ और मायावी रास्ते हैं जो यात्रियों को हमेशा के लिए भटका देते हैं और गायब कर देते हैं। उन्होंने रोहन को भी समझाया और कहा कि जंगल में जाना खतरनाक है। वहाँ रास्ता भूलने का डर है और अगर कमल तक पहुँच भी गए तो उसे तोड़ने का साहस कौन करेगा क्योंकि किंवदंती कहती है कि कमल की रक्षा अदृश्य शक्तियाँ करती हैं। उनकी चेतावनी ठोस थी परन्तु रोहन का संकल्प उससे भी अधिक कठोर था।

रोहन ने बिना किसी को बताए, अपनी माँ की पुरानी पोटली में थोड़ा गुड़ और चने बाँधे और एक लकड़ी की छड़ी को मज़बूती से पकड़कर घर से निकल पड़ा। जंगल जाने के बारे में वह अपनी माँ को बताना तो चाहता था लेकिन उसे डर था कि अगर उसने माँ को बताया तो माँ भी उसे जंगल जाने नहीं देगी।

गाँव की सीमा पर एक गहरी साँस लेकर उसने शाँत मृत्यु वन के भीतर कदम रखा। भीतर का माहौल वैसा ही था जैसा उसके दोस्त रवि ने बताया था। दिन के उजाले में भी पेड़ों के मोटे-मोटे पत्तों ने ऐसी गहरी छाया कर दी थी कि नीचे अँधेरा पसरा पड़ा था। हवा में पत्तों की नमी और पुरानी मिट्टी की गंध थी। रोहन का दिल ज़ोर-ज़ोर से धड़क रहा था लेकिन उसने हर बार अपने लक्ष्य को याद किया...स्वर्ण कमल, गाँव का सौभाग्य। वह ज़मीन पर फैली टेढ़ी-मेढ़ी जड़ों से बचते हुए, चुपचाप किसी नन्हें शिकारी की तरह आगे बढ़ने लगा।

आगे बढ़ते ही जंगल की भयावहता अपना असली रूप दिखाने लगी। ज़मीन पर बिछी सूखी पत्तियों के नीचे कहीं नुकीले काँटे छिपे थे तो कहीं धंसने वाली दलदली मिट्टी। एक पल की लापरवाही और रोहन का पैर गीली मिट्टी में धंस गया। खुद को बाहर खींचने में उसकी आधी ताकत निचुड़ गई और साँस फूलने लगी। घने अँधेरे और एक जैसी दिखती जड़ों के जाल ने दिशाओं का ज्ञान पूरी तरह मिटा दिया था जिससे हर कदम पर रास्ता भटकने की आशंका गहरी होती जा रही थी। हवा में अचानक फैली एक अजीब, मीठी सी महक उसके सिर को भारी करने लगी और कानों में रह-रहकर फुसफुसाहटों जैसी सरसराहटें गूँजने लगीं। रोहन ने अपनी छटपटाती घबराहट पर काबू पाने के लिए अपनी आँखें कसकर बंद कीं और अपने गाँव के उम्मीद भरे चेहरों को याद किया। ज़हरीली झाड़ियों की खरोंच से छिलती त्वचा और झाड़ियों के पीछे से जानवरों की घूरती अनजानी, चमकदार आँखों की परवाह किए बिना उसने अपने बहते खून को पोंछा और एक बार फिर स्वर्ण कमल की खोज में कदम आगे बढ़ा दिए। यह उसका हौसला और सद्भाव ही था कि एक बार भी उसे अपने निर्णय पर पछतावा नहीं हुआ।

उबड़-खाबड़ रास्तों, कई पत्थरों और झाड़ियों को पार करने के बाद आश्चर्य जनक रूप से अचानक एक मोड़ पर घनी हरियाली छँट गई। रोहन की साँसें थम गईं। सामने एक अत्यंत सुंदर और शाँत झील थी जिसके किनारे की घास ऐसी हरी थी जैसे किसी ने अभी-अभी पेंट किया हो। जंगल के भय और शोर के बाद यह दृश्य किसी जादुई द्वार के खुलने जैसा था।

शाँति और सुंदरता के उस सम्मोहक दृश्य ने रोहन की सारी थकान क्षण भर के लिए हर ली। झील के किनारे की मखमली हरी घास पर वह ढीला होकर बैठ गया। जंगल के सन्नाटे और लंबी चढ़ाई ने उसके शरीर को थका दिया था और पेट में भूख की अकुलाहट होने लगी थी। उसने अपने कंधे पर लटकी पोटली उतारी। उसमें से गुड़ का एक बड़ा टुकड़ा लिया और भुने हुए चने हाथ में ले एक पेड़ की टेक लेकर आराम से बैठ गया। गुड़ की मिठास ने उसकी जुबान पर जादुई ताज़गी भर दी। फिर एक-एक कर भुने चने चबाते हुए वह झील के ठंडे, निर्मल पानी को निहारने लगा। हर कौर के साथ उसके शरीर में खोई हुई ऊर्जा लौट रही थी और मन का डर पूरी तरह से गायब हो रहा था।

गुड़-चने खाने के बाद, रोहन झील की ओर गया और हाथ बढ़ाकर अंजलि में पानी भर दो घूँट जल पिया। पानी अद्भुत रूप से मीठा और तन-मन में ठंडक भर देने वाला था। फिर उसने अपना मुँह और हाथ धोए जिससे सफर की पूरी सुस्ती और थकान धुल गई। अपनी लाठी पास ही घास पर टिकाकर उसने आँखें मूँद लीं। हवा के हल्के झोंकों और झील की उठती-गिरती छोटी लहरों की आवाज़ किसी मधुर लोरी जैसी लग रही थी। एक लंबी नींद ने उसके शरीर में अद्भुत शक्ति भर दी थी। जब उसने आँखें खोलीं तो उसका शरीर पूरी तरह तरोताजा था और मन स्वर्ण कमल की खोज के अंतिम पड़ाव के लिए पूरी तरह तैयार।

रोहन अपनी जगह से उठा और गहरी नज़रों से झील का मुआयना करने लगा। उसकी आँखें उस शाँत झील के बीचों-बीच स्थित एक छोटे से टीले पर टिकी थीं। वहाँ पानी की सतह पर वही दिव्य फूल तैर रहा था जिसकी कहानी उसने सुनी थी। यह कोई साधारण कमल नहीं था वरन् इसकी पंखुड़ियाँ पके हुए सोने की तरह दमक रही थीं। और जैसे ही उन पर सूर्य की किरणें पड़ीं, वह फूल हज़ारों हीरों की तरह चमक उठा। उसकी आभा ने न केवल झील के पानी को बल्कि आस-पास के घने वन को भी एक सुनहरी चमक दे दी। रोहन समझ गया कि यह वास्तव में स्वर्ण कमल ही है परंतु उसके चारों ओर उसे एक अदृश्य सुरक्षा कवच भी महसूस हो रहा था

रोहन ने झील के किनारे की कुछ कम गीली मिट्टी पर अपने कदम जमाए। टीले तक सीधे तैरकर जाना बेवकूफी होती क्योंकि पानी में दलदल और अदृश्य सुरक्षा कवच का खतरा था। उसने झील के भूगोल को ध्यान से देखा और एक प्राकृतिक रास्ते की खोज की।

झील के उथले हिस्से में पानी से बाहर निकले काई से ढके पुराने पत्थरों की एक टेढ़ी-मेढ़ी कतार टीले की ओर जाती थी। ये पत्थर पूरी तरह सूखे नहीं थे। पानी की लहरें बार-बार उन्हें भिगो रही थीं जिससे उन पर जरा सी चूक भी फिसलने का कारण बन सकती थी। उसने पूरी तरह पानी में डूबे या हरी काई से ढके पत्थरों की बजाय उन खुरदरे, काले पत्थरों को चुना जो पानी से थोड़े ऊँचे थे और जिन पर धूप पड़ने के कारण काई नहीं जमी थी। वह समझ गया था कि केवल पैरों के संतुलन पर भरोसा करना बुद्धिमता नहीं थी। रोहन ने अपनी लकड़ी की छड़ी को मज़बूती से पकड़ा। आगे कदम बढ़ाने से पहले वह छड़ी से पत्थर की मजबूती और गहराई को जाँचता और आगे बढ़ता जाता।

वह हर कदम पर जल्दबाजी करने के बजाय अपना पूरा वजन धीरे-धीरे अगले पत्थर पर स्थानांतरित करता जाता। कभी अपने दोनों हाथ हवा में फैलाकर संतुलन बनाता तो कभी नीचे बहते पानी के तेज बहाव से अपनी आँखें हटाकर केवल अगले ठोस पत्थर पर ध्यान केंद्रित करता। उसे याद था कि गाँव के बड़े तालाब पर जाने के लिए भी सब लोग कुछ-कुछ ऐसा ही करते थे। उसका मन डर और उत्साह के बीच झूल रहा था। इस तरह बिना किसी जादू के, केवल अपनी व्यावहारिक सूझबूझ, शारीरिक संतुलन और धैर्य के दम पर वह उस कठिन रास्ते को पार कर स्वर्ण कमल तक पहुँच गया।

स्वर्ण कमल के पास पहुँचते ही झील की शाँत सतह पर एक अद्भुत दृश्य उभरा। पानी में रोहन की अपनी परछाईं गायब थी। उसकी जगह केवल उस दिव्य कमल की अलौकिक, शुद्ध आभा तैर रही थी। झील का पानी इतना निर्मल और पारदर्शी था कि रोहन को पानी के नीचे का दृश्य साफ दिखाई दे रहा था। उसने देखा कि यह अलौकिक कमल केवल पानी पर तैर नहीं रहा था बल्कि उसकी बारीक जड़ें नीचे तलहटी की पवित्र मिट्टी में गहराई तक धँसी हुई थीं। पूरा वातावरण असीम शाँति से भरा हुआ था। रोहन ने श्रद्धापूर्वक अपने हाथ जोड़े और मन ही मन अपने कुल-देवता को याद करते हुए उस पावन पुष्प को नमन किया।

बिना कमल को नुकसान पहुँचाए उसे उसकी जड़ों से अलग करना रोहन को लगभग नामुमकिन सा लग रहा था। फिर भी, उसने हिम्मत बाँधकर अत्यंत कोमलता और सावधानी से अपने हाथ ठंडे पानी में उतारे और कमल की पंखुड़ियों को स्पर्श किया। पर यह क्या...! जैसे ही रोहन का स्पर्श उस पावन पुष्प से हुआ, झील की रेशम-सी मुलायम मिट्टी ने बिना किसी खिंचाव के उस पावन जड़ को सहजता से मुक्त कर दिया मानो वह कमल युगों-युगों से स्वयं रोहन के हाथों में आने का ही इंतज़ार कर रहा हो। ठीक उसी पल, झील के उस पानी में एक तीव्र स्वर्णिम लहर दौड़ गई। रोहन का हृदय गर्व और संतोष से भर उठा। उसे गहराई से महसूस हुआ कि उसने केवल एक दुर्लभ फूल को नहीं थामा है बल्कि अपने पूरे गाँव की वर्षों पुरानी टूटती आशाओं और प्रार्थनाओं को अपने हाथों में ले लिया है।

रोहन ने अपनी पोटली से तांबे का एक पवित्र कलश निकाला। उसमें झील का शुद्ध जल भरा, टीले से आम के कुछ ताजे पत्ते लाकर सजाए और बड़े आदर के साथ स्वर्ण कमल को उसमें स्थापित कर दिया। झील को नमन करने के बाद बिना एक पल गँवाए, वह तुरंत अपने गाँव की ओर लौट पड़ा।

जब वह गाँव पहुँचा तो सूरज ढल रहा था और क्षितिज पर सिंदूरी लालिमा छा चुकी थी। गाँव के मुहाने पर उसकी माँ, पूरे गाँव वालों के साथ, एक-एक पल गिनती हुई गहरी चिंता में खड़ी थी। जैसे ही उसकी नज़र रोहन पर पड़ी, माँ का कलेजा शाँत हो गया। वह दौड़कर आई और रोहन को अपने सीने से लगा लिया। उसकी आँखों में खुशी के आँसू थे। पूरा गाँव रोहन को सही सलामत देखकर खुश था। सब उससे जानना चाहते थे कि वह चुपचाप कहाँ चला गया था। गाँव के चौपाल पर उस समय सन्नाटा छा गया जब रोहन ने जंगल के उस रहस्यमयी रास्ते, काई से ढके पत्थरों और अदृश्य सुरक्षा कवच की पूरी कहानी सुनाई। सब लोग उसकी हिम्मत और सूझबूझ को चकित होकर सुन रहे थे। अपनी यात्रा की पूरी कहानी सुनाने के बाद, रोहन ने अत्यंत सावधानीपूर्वक उस तांबे के पात्र को गाँव के मुखिया के हाथों में रख दिया।

जैसे ही रोहन ने पात्र से ढक्कन हटाया, स्वर्ण कमल की अलौकिक चमक से पूरी चौपाल जगमगा उठी। उस दिव्य और चमकदार पुष्प पर गाँव वालों की नज़रें पड़ते ही पूरे वातावरण में एक असीम और अविश्वसनीय शाँति छा गई। कमल की सुनहरी आभा से न केवल चौपाल बल्कि पूरा गाँव रोशन हो उठा। बरसों की निराशा के बाद, हर चेहरे पर आश्चर्य और नई उम्मीद की मुस्कान तैरने लगी। गाँव के बुजुर्गों और लोगों ने रोहन की इस अद्भुत सूझबूझ, धैर्य और साहस की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। पूरा गाँव उसके पराक्रम की जय-जयकार कर उठा। माँ की आँखें खुशी और गर्व के आँसुओं से भर आईं। उसने आगे बढ़कर रोहन का माथा चूमा और छाती से लगाकर अपना अनमोल आशीर्वाद दिया।

उस स्वर्ण कमल को गाँव के बीचों-बीच स्थित पुरानी बावड़ी के जल को शुद्ध करने के बाद अत्यंत आदर के साथ स्थापित कर दिया गया। बावड़ी के निर्मल जल में तैरते ही उस दिव्य पुष्प की सुनहरी आभा पूरे गाँव पर छा गई मानो उसकी चमक हर घर के आँगन तक पहुँचना चाह रही हो।

उस पावन दिन के बाद से गाँव का भाग्य ही बदल गया। सौभाग्य और संपन्नता की एक अद्भुत लहर पूरे क्षेत्र में दौड़ गई। बंजर खेत हरी-भरी, दोगुनी फसलों से लहलहा उठे और बरसों से फैली बीमारियाँ धीरे-धीरे गायब हो गईं। लेकिन सबसे बड़ा चमत्कार गाँव के लोगों के भीतर हुआ—कमल की उस शाँत और पावन आभा ने हर दिल से द्वेष को मिटाकर प्रेम, एकता और सहयोग का गहरा भाव जगा दिया। गाँव अब सिर्फ खुशहाल नहीं था बल्कि एक खुशहाल परिवार बन चुका था।

रोहन के दोस्तों ने उसकी इस साहसी यात्रा से एक गहरा पाठ सीखा कि सच्चा साहस किसी दैत्य से लड़ने में नहीं बल्कि अपने भीतर के डर पर विजय पाने में है। गाँव वालों को भी यह भली-भांति अहसास हो गया कि जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य भौतिक धन-दौलत में नहीं वरन् उस निस्वार्थ भाव में छिपा है जो हम दूसरों की भलाई के लिए रखते हैं। जब संकल्प व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठकर समुदाय के हित के लिए लिया जाता है तो राह की हर बाधा अपने आप हट जाती है।

समय बीतता गया पर रोहन का वह स्वर्ण कमल सिर्फ एक फूल बनकर नहीं रहा। वह हमेशा के लिए आशा, साहस और निःस्वार्थ प्रेम का पावन प्रतीक बन गया। उसकी अलौकिक खुशबू और सुनहरी आभा उस छोटे से गाँव की मिट्टी में इस तरह रच-बस गई कि उसकी महक सदियों तक आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रही।