सच्चा धन (बाल कहानी) : मनजीत शर्मा 'मीरा'
सूरज की पहली किरणें अभी पहाड़ों से झाँक ही रही थीं कि राम सिंह को काम पर निकलना पड़ा। उसके कंधे पर टँगा पुराना झोला और हाथों में औज़ारों का बक्सा, यह सब उसकी दिनचर्या की कहानी थे। उम्र अब पचास के पार थी और शरीर भी पहले जैसा मज़बूत नहीं रहा था लेकिन गाँव में उसके हुनर का कोई सानी नहीं था। वह बढ़ई था और लकड़ी का कोई भी काम उसके हाथ से छूटता नहीं था। दिन-भर वह अपनी छैनी और हथौड़ी के संगीत की धुन में खोया रहता। हर लकड़ी के टुकड़े को आकार देता, हर कील को ठोंकता, जैसे वह सिर्फ मेज़-कुर्सी नहीं बल्कि अपनी बेटी के भविष्य की नींव रख रहा हो। वह अच्छी तरह जानता था कि इस कड़ी मेहनत की रगड़ ही राधा के सपनों को चमका सकती है।
राम सिंह की ज़िंदगी सिर्फ लकड़ी और औज़ारों के इर्द-गिर्द ही नहीं घूमती थी, उसकी दुनिया थी उसकी इकलौती बेटी राधा जो शहर में उसके भाई के घर में रहती थी और वहीं किसी कॉलेज में अपनी डिग्री के अंतिम वर्ष में पढ़ती थी। राम सिंह का सपना था कि राधा खूब पढ़े-लिखे और एक अच्छी नौकरी करे ताकि उसे रामू जैसी ज़िंदगी न जीनी पड़े। इसी सपने को पूरा करने के लिए रामू हर सुबह सूरज उगने से पहले घर से निकलता और रात ढलने के बाद ही लौटता था। वह अक्सर सोचता रहता था कि जब राधा बड़े शहर की चमक में अपनी नई ज़िंदगी शुरू करेगी तो वह भी गंगा नहा लेगा।
एक दिन, राम सिंह काम से लौटा तो उसके पैर बुरी तरह लड़खड़ा रहे थे। उसने देखा कि राधा जो अक्सर छुट्टियों में ही आती थी आज घर पर ही थी। "राधा! तू कब आई?" राधा को अचानक घर आया देख उसने खुशी से पूछा। राधा ने चिंता से अपने पिता की ओर देखा, "पिताजी, आपकी तबीयत ठीक नहीं लग रही। आप इतने कमज़ोर क्यों होते जा रहे हैं?"
राम सिंह ने मुस्कुराने की कोशिश की, "अरे, कुछ नहीं बेटी, बस थोड़ी थकान है।" लेकिन राधा समझ गई कि कुछ तो गड़बड़ है। उसने पिता के पैरों को छूकर देखा, वे सूजे हुए थे। पैरों की नसें जैसे विद्रोह कर रही थीं। यह सिर्फ थकान नहीं थी, वर्षों की कड़ी मेहनत का बोझ था। राधा की आँखों में नमी उतर आई। उसके पिता ने उसके भविष्य के लिए अपने शरीर को भी लकड़ी की तरह घिस दिया था ताकि उसकी ज़िंदगी रेशम सी मुलायम रहे।
अगले दिन राधा अपने पिता को शहर के बड़े सरकारी अस्पताल लेकर गई। डॉक्टर ने जाँच के बाद बताया कि ज्यादा काम करने की वजह से ही उसके पिता को कमज़ोरी थी और तुरंत आराम की सलाह दी। डॉक्टर के मुँह से यह सुनकर राधा फिर से दुखी हो गई कि उसके पिता उसके लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। राधा जानती थी कि पिता ने अपनी सारी जमा-पूँजी उसकी पढ़ाई पर ही लगा दी थी और अपनी सेहत का बिल्कुल भी ध्यान नहीं रखा था।
राधा की कॉलेज की पढ़ाई अब लगभग पूरी हो चुकी थी इसलिए उसने कुछ दिन अपने पिता के पास रुकने का निर्णय लिया। साथ ही अपनी नौकरी के लिए भी आवेदन करना शुरू किया। उसे पता था कि उसके पास कोई विशेष अनुभव नहीं था, इसलिए उसे बड़ी मुश्किल से एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाने का काम मिला। यह नौकरी शहर के बाहरी इलाके में थी और तनख्वाह भी ज्यादा नहीं थी। सुबह वह बस पकड़कर शहर जाती जहाँ बच्चों को पढ़ाते हुए उसका गला सूख जाता। शाम को वापस आकर वह अपनी शिक्षिका की भूमिका को भूलकर तुरंत एक नर्स और बेटी की भूमिका में ढल जाती। छुट्टी के दिन वह कुछ बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती ताकि कुछ और आमदनी हो सके। अपने पिता के इलाज का खर्च उठा सके, इसके लिए वह दिन-रात मेहनत करती। उसने अपने सभी शौक भी बंद कर दिए थे। अपनी किताबों तक को किनारे रख दिया था। उसके लिए अब सबसे बड़ी परीक्षा उसका घर और पिता थे।
राम सिंह ने जब यह देखा तो उसकी आँखों में आँसू आ गए। उसने कभी नहीं सोचा था कि जिस बेटी के लिए उसने अपना सब कुछ दाँव पर लगा दिया, वही बेटी आज उसकी सेवा-सुश्रुषा में दिन-रात एक कर देगी।
धीरे-धीरे राम सिंह का इलाज शुरू हुआ। राधा उन्हें समय पर दवा देती और उनकी हर ज़रूरत का ध्यान रखती। जब पिता बिस्तर पर लेटे होते तो वह चोरी-चोरी राधा को देखते कि कैसे वह रसोई और घर का काम बिना शिकायत के करती है। घर बुहारना, कपड़े धोना, खाना बनाना, बर्तन मांजना जैसे ढेर सारे काम थे जो राधा को अकेले करने पड़ते थे। फिर भी कैसे शाम को अपनी थकान छुपाकर चेहरे पर मुस्कान लाकर उन्हें इधर-उधर की कहानियाँ सुनाती है। वह अब राधा को उस कॉलेज की डिग्री या नौकरी के दर्जे से नहीं बल्कि उसके चरित्र की गहराई से माप रहे थे। कुछ ही दिनों में राम सिंह की सेहत में सुधार आने लगा। भावुकता से भरकर उसने एक दिन राधा से कहा, "बेटी, तूने मेरी सेवा में अपना पूरा भविष्य लगा दिया। मैंने तो बस यही चाहा था कि तू खूब पढ़े-लिखे लेकिन..." कहते-कहते उसकी आवाज़ भर्रा गई।
राधा ने अपने पिता का हाथ थामा और बोली, "पिताजी, आपने मुझे उड़ने के लिए पंख दिए थे। आज अगर मैं उड़ पा रही हूँ तो वह आपकी बदौलत है। यह तो मेरा फर्ज़ था। पढ़ाई तो मैं नौकरी करते हुए भी कर लूँगी और इससे भी अच्छी नौकरी पा लूँगी परंतु पहले आप स्वस्थ हो जाइए।"
राम सिंह ने मुस्कुरा कर अपनी बेटी को देखा। उसकी आँखों में सिर्फ प्यार और गर्व था। उसे अपनी बेटी की आँखों में अब लकड़ी के टुकड़ों का भविष्य नहीं बल्कि त्याग और प्रेम से तराशा गया खूबसूरत चेहरा दिखाई दे रहा था। उसने देखा कि उसकी बेटी अब सिर्फ उसकी लाडली नहीं बल्कि उसकी सबसे बड़ी ताकत बन चुकी है। वह समझ गया कि सच्चा धन वही है जो अपने बच्चों को सही दिशा दे सके और उनकी आँखों में अपने लिए प्रेम देख सके। और राम सिंह ने इस धन को खूब कमाया था।