राजकुमारी विदूषी का स्वयंवर (बाल कहानी) : मनजीत शर्मा 'मीरा'
एक समय की बात है। एक विशाल और समृद्ध राज्य था जिसके राजा की एक सुंदर और असाधारण रूप से बुद्धिमान बेटी थी जिसका नाम ही राजा ने राजकुमारी विदूषी रखा था। वह अपने पिता की एकमात्र संतान थी और राजा उसे केवल प्यार ही नहीं करता था बल्कि अपने राज्य का भविष्य भी मानता था। विदूषी का सौंदर्य किसी कल्पना से कम न था। उसकी आँखें इतनी गहरी थीं कि उनमें ज्ञान का तेज झलकता था। और मुखमंडल शाँत तथा दृढ़ संकल्प से भरा प्रतीत होता था। राजकुमारी विदूषी ने शास्त्रों, कलाओं और शासन-प्रणाली में महारत हासिल कर रखी थी जिसकी कीर्ति दूर-दूर तक फैली हुई थी।
जब विवाह की बात आई तो राजा ने अपनी बेटी के लिए स्वयंवर का आयोजन करने का निर्णय लिया। वह जानता था कि विदूषी के लिए धन या शक्ति मायने नहीं रखती बल्कि बुद्धि का तेज मायने रखता है। राजा ने अपनी बेटी से कहा, "मेरी प्रिय बेटी, तुम्हारे लिए मैं एक स्वयंवर का आयोजन करना चाहता हूँ। तुम्हें बहुत सोच-समझ कर अपने जीवनसाथी का चयन करना होगा क्योंकि तुम्हारा चयन ही इस राज्य के भविष्य की दशा और दिशा तय करेगा।"
राजकुमारी सोच में पड़ गई। कुछ देर बाद उसने अपने पिता से कहा, "पिताजी, मैं अपने जीवनसाथी का चयन करने के लिए तैयार हूँ लेकिन मैं एक अनोखी शर्त रखूँगी।"
"कैसी शर्त पुत्री...!" पिता ने हैरान होकर पूछा।
"मेरी शर्त यह है पिताजी कि जो व्यक्ति मुझे अपनी शक्ति से नहीं बल्कि ज्ञान और विवेक के बल पर वाद-विवाद में हराएगा, वही मेरा जीवन-साथी बनेगा। मैं केवल राजा या योद्धा नहीं बल्कि बुद्धि का अधिपति चाहती हूँ।"
पुत्री की बात सुनकर राजा पिता बहुत खुश हुआ। साथ ही उसे अपनी पुत्री पर गर्व भी हुआ। राजा ने अपनी बेटी की शर्त मान ली और राजकुमारी की इच्छा अनुसार 'विवेक स्वयंवर' का आयोजन किया। 'विवेक स्वयंवर' के लिए महल के मुख्य सभाकक्ष को दुल्हन की तरह सजाया गया था। विशाल गुंबदों से लटकते झूमर सोने की आभा बिखेर रहे थे। हवा में चंदन, गुलाब तथा केवड़े की धीमी सुगंध तैर रही थी। दूर-दूर के राज्यों से आए राजकुमारों के लिए बहुमूल्य आसनों की लंबी कतारें सजाई गई थीं।
ये राजकुमार अपने राज्यों की शान दिखाने के लिए भव्य, खूबसूरत और महंगे वस्त्रों तथा आभूषणों से सजे हुए थे और वे सभी अपने रजत सिंहासन पर विराजमान थे। उनके स्वागत और सम्मान के लिए राजा ने सर्वोत्तम व्यंजनों, दुर्लभ फलों और सुगंधित पेय पदार्थों का भव्य प्रबंध किया था ताकि यह स्वयंवर मात्र एक प्रतियोगिता न लगे बल्कि एक शाही उत्सव लगे। इसका कारण यह भी था कि यदि कोई राजकुमार राजकुमारी विदुषी की शर्तों पर खरा उतरता है तो राजकुमारी का विवाह होना भी निश्चित था।
ठीक समय पर राजकुमारी विदुषी ने सभाकक्ष में प्रवेश किया। उसने गहरे नीले रंग का एक मखमली लहंगा पहना हुआ था जिस पर बारीक सोने के धागों से 'ज्ञान चक्र' के जटिल रूपांकन बने थे। उसने भारी सोने के आभूषणों के बजाय, पवित्र श्वेत मोतियों की एक सरल माला और माथे पर तेजस्विता से चमकता हीरे का टीका धारण किया था जो उसकी सादगी और उसकी आंतरिक चमक को दर्शाता था। जैसे ही वह अपने उच्च आसन पर विराजमान हुई सभी राजकुमारों की निगाहें उसकी अलौकिक सुंदरता और आत्मविश्वास पर टिक गईं लेकिन विदूषी की आँखें केवल उस व्यक्ति को तलाश रही थीं जो उसके ज्ञान को चुनौती दे सके।
स्वयंवर के पहले चरण में तीन प्रसिद्ध राजकुमार आए जो अपनी धन-संपत्ति और सैन्य शक्ति पर गर्व करते थे।
शक्ति का प्रतीक पहला राजकुमार, वीरेंद्र आत्मविश्वास से भरकर सामने आया।
राजकुमारी विदूषी ने पूछा, "राजकुमार वीरेंद्र, आप कहते हैं कि शक्ति ही अंतिम सत्य है। तो बताइए, ऐसी कौन सी शक्ति है जिसे संसार का कोई हथियार नष्ट नहीं कर सकता?"
राजकुमार वीरेंद्र ने तुरंत जवाब दिया, "राजकुमारी, वह शक्ति मेरी सेना की तलवारें और मेरे दुर्गों की दीवारें हैं जो लोहे और पत्थरों से बनी हैं!"
राजकुमारी मुस्कुराई और बोली, "क्षमा करें, राजकुमार। लोहे को जंग और दीवारों को समय नष्ट कर देता है।"
धन का प्रतीक दूसरा राजकुमार, धनंजय सोने और रत्नों से लदा हुआ बैठा था।
राजकुमारी विदूषी ने पूछा, "राजकुमार धनंजय, आप धन को सर्वोपरि मानते हैं। तो बताइए वह कौन सा खजाना है जिसे न चोर चुरा सकता है, न आग जला सकती है?"
धनंजय होठों ही होठों में मुस्कुराया और उसने तुरंत जवाब दिया, "राजकुमारी, वह खजाना बरसों से मेरे महल के तहखानों में बंद ह...हीरे-जवाहरात और सोना-चाँदी जिसे हज़ारों सैनिक और सात तालों से सुरक्षित किया गया है! वहाँ इतनी सुरक्षा है कि उस खजाने तक कोई परिंदा भी पर नहीं मार सकता।"
राजकुमार धनंजय का जवाब सुनकर राजकुमारी भी मन ही मन हँसी और बोली, "माफ कीजिए राजकुमार, चोर दरवाज़ा तोड़ सकता है और विपत्ति में सेवक विश्वासघात कर सकते हैं। आपका धन भौतिक है इसलिए कोई भी आपसे ज्यादा शक्तिशाली राजा उसे चुरा सकता है।"
सौंदर्य का प्रतीक तीसरा राजकुमार, शाँतनु अपनी रूप-सज्जा पर गर्व किए गद्दी पर विराजमान था।
राजकुमारी विदूषी ने पूछा, "राजकुमार शाँतनु, आप सुंदरता को ही जीवन मानते हैं। तो बताइए, वह कौन सी सुंदरता है जो बुढ़ापे से भी नहीं मुरझाती?"
राजकुमार शाँतनु को राजकुमारी का प्रश्न कुछ बचकाना सा लगा। उसने मन ही मन सोचा कि राजकुमारी की चर्चा तो विदुषी के रूप में है लेकिन उन्होंने सवाल तो बहुत ही साधारण सा पूछा है। राजकुमार शाँतनु को पूरा विश्वास हो गया कि उनके जवाब से राजकुमारी पूरी तरह संतुष्ट हो जाएँगी और उन्हीं को जयमाला पहनाएँगी।
राजकुमार शाँतनु ने दृढ़ता से जवाब दिया, "राजकुमारी, मैं समझता हूँ कि आपका प्रश्न बहुत ही साधारण सा है। वो मेरे उद्यान के दुर्लभ फूलों की कलाकृतियाँ हैं जो मेरे राजभवन के विद्वान चित्रकारों ने बनाई हैं और सदियों से दीवारों पर टिकी हुई हैं! ये सभी कलाकृतियाँ आज भी बिल्कुल नई जैसी हैं।"
राजकुमारी ने विनम्रता से कहा, "राजकुमार शाँतनु, मुझे यह बताते हुए बहुत अफसोस हो रहा है कि आपकी बात में दम नहीं है। क्योंकि फूल चाहे उद्यान के हों या कलाकृतियों के एक न एक दिन मुरझा ही जाते हैं। कलाकृतियों पर धूल जम जाती है। रंग फीके पड़ जाते हैं। सभी भौतिक वस्तुओं और शरीर की सुंदरता क्षणभंगुर होती है, राजकुमार।" राजकुमारी का जवाब सुनकर राजकुमार मुँह लटकाए अपने आसन पर बैठ गया।
सभाकक्ष में देर तक वाद-विवाद होता रहा लेकिन कोई भी व्यक्ति या राजकुमार राजकुमारी को अपने वाद-विवाद में हरा नहीं पाया। सामने सिंहासन पर विराजमान राजा अब चिंतित हो गए।
लेकिन तभी एक अत्यंत साधारण से दिखने वाले व्यक्ति ने जो कि प्रजा के साथ स्वयंवर देखने के उद्देश्य से पंडाल में मौजूद था ने हिम्मत कर स्वयंवर में शामिल होने का फैसला किया। उस युवक का नाम अभिजीत था। वह पुराने और साधारण से वस्त्रों में अवश्य था लेकिन उसकी आँखों में अथाह ज्ञान का प्रकाश झिलमिलाता जान पड़ता था।
राजा से अनुमति पाकर वह राजकुमारी के साथ वाद-विवाद में शामिल हुआ। एक पल को राजकुमारी विदुशी भी चौंक गई।
राजकुमारी ने उस गरीब युवक से पूछा, "क्या आप मुझे बता सकते हैं कि जीवन में सबसे बड़ा धन क्या है?"
अभिजीत ने विनम्रतापूर्वक दृढ़ता से जवाब दिया, "जीवन में सबसे बड़ा धन ज्ञान है। ज्ञान ही एकमात्र खजाना है, जिसे न चोर चुरा सकता है, न आग जला सकती है और जो दूसरों को जितना अधिक बाँटा जाए, उतना ही बढ़ता जाता है। ज्ञान ही एकमात्र ऐसी चीज़ है जो हमें जीवन में आगे बढ़ने में मदद करती।"
राजकुमारी कुछ प्रभावित हुई और उसने उस व्यक्ति से फिर पूछा, "क्या आप मुझे बता सकते हैं कि जीवन में सबसे बड़ा शत्रु कौन है?"
अभिजीत ने जवाब दिया, "जीवन में सबसे बड़ा शत्रु हमारा अपना अहंकार है। अहंकार एक अदृश्य दीवार है जो मनुष्य को सत्य और विनम्रता से दूर करती है। अहंकार हमें जीवन में गलत रास्ते पर ले जाता है और हमें अपने लक्ष्यों से दूर करता है।"
राजकुमारी विदुषी युवक के जवाब से दोबारा प्रभावित हुई और उसने फिर पूछा, "मुझे लगता है कि इस प्रश्न का उत्तर आप ठीक से नहीं बता पाएंगे, फिर भी मैं पूछती हूँ।"
"पूछिए राजकुमारी जी।" युवक ने पूरे आत्मविश्वास से कहा।
"क्या आप मुझे बता सकते हैं कि जीवन में सबसे बड़ा मित्र कौन है?"
अभिजीत ने जवाब दिया, "राजकुमारी जी, जीवन में सबसे बड़ा मित्र हमारा अपना विवेक है। विवेक, ज्ञान और अनुभव का वह संतुलन है जो हमें हर परिस्थिति में शाँत और सही निर्णय लेने में मदद करता है। विवेक हमें जीवन में सही और गलत के बीच का अंतर समझने में मदद करता है और हमें अपने लक्ष्यों की ओर बढ़ने में मदद करता है।"
राजकुमारी विदूषी के मुख मंडल पर मुस्कराहट तैर गई। उसने मुस्कुरा कर अपने राजा पिता की ओर देखा। पिता समझ गए। उन्होंने अपनी बेटी की पसंद को सहर्ष मान लिया और उस बुद्धिमान व्यक्ति को अपना दामाद बनाने की सहमति दी। ढोल नगाड़ों और शहनाइयों के बीच राजकुमारी विदूषी ने वरमाला आगे बढ़ाई और अभिजीत को अपना जीवनसाथी चुन लिया।
राजा ने अभिजीत को अपने राज्य का सबसे प्रमुख सलाहकार नियुक्त किया और राज्य के एक बड़े हिस्से का कार्यभार सौंप दिया। राजकुमारी विदूषी और अभिजीत ने मिलकर कई वर्षों तक ज्ञान, न्याय और विवेक के साथ शासन किया जिससे राज्य में अभूतपूर्व समृद्धि और शाँति आई।