नम्रता की ताकत (बाल कहानी) : मनजीत शर्मा 'मीरा'

हिमालय की तलहटी में बसा था वह छोटा-सा गाँव जहाँ हरी-भरी घाटियाँ और दूर-दूर तक फैले जंगल मानो बच्चों की कहानियों से निकलकर जीवंत हो उठे हों। गाँव के बीचों-बीच एक प्राचीन मंदिर भी था जिसकी घंटियों की ध्वनि हवा में घुलकर हर दिल को शाँति देती थी। मंदिर के ठीक पास एक बड़ा तालाब था जिसमें पानी इतना साफ और शाँत था कि आसमान का नीला रंग उसमें उतर आता और मछलियाँ तैरती हुईं यूँ लगतीं जैसे सपनों में उड़ रही हों। सुबह की धूप में तालाब चमकता और शाम को चाँद की किरणें उसमें नहातीं। लेकिन इस शाँत पानी में कभी-कभी छोटे-छोटे लहरें उठतीं जो बतातीं कि शाँति के नीचे भी एक अनजानी ताकत छिपी है।

उस दिन, तालाब के किनारे पर बैठा था नौ साल का छोटा-सा लड़का, नीरज। उसके मन में विचारों का तूफान भरा हुआ था। वह इतना उदास था कि उसके कंधे झुके हुए थे और आँखें नीचे की ओर टिकी हुईं। बच्चे अक्सर खुद की तुलना दुनिया से करते हैं। वे महसूस करते हैं कि वे छोटे हैं, कमजोर हैं और सब कुछ उनसे बड़ा है। नीरज को भी यही लगता था। वह सोचता, "मैं इतना छोटा क्यों हूँ? पेड़ मुझसे कितने ऊँचे हैं, पहाड़ तो आसमान छूते हैं, नदियाँ तेज बहती हैं, बादल उड़ते हैं और आकाश अनंत। माँ-पापा मुझसे बड़े हैं, मास्टर जी की आवाज़ इतनी भारी और पड़ोस के चाचा जी तो इतने मजबूत कि सिर पर भारी बोझ उठा लेते। मैं तो बस... एक छोटा-सा बच्चा हूँ जो कुछ नहीं कर सकता।"

वह पानी में अपना प्रतिबिंब देख रहा था... छोटा-सा चेहरा, पतली बाहें और आँखों में उदासी की छाया। बच्चे का मन ऐसा ही होता है। वे अपनी कमियों को बड़ा करके देखते हैं और खुद को अकेला महसूस करते हैं जैसे दुनिया उन्हें छोड़कर आगे निकल गई हो।

अचानक हल्के कदमों की आहट हुई। एक बुजुर्ग आदमी, सफेद दाढ़ी और झुर्रियों वाले चेहरे पर मुस्कान लिए, नीरज के पास आकर बैठ गया। उसकी आँखें अनुभव से भरी थीं जैसे उन आँखों ने जीवन की सारी लहरें देखी हों। "बेटा, तुम यहाँ अकेले क्या कर रहे हो? तुम्हारा चेहरा इतना उदास क्यों है? क्या कोई बात है जो तुम्हारे मन को कुरेद रही है? मुझे पता है बच्चे का मन नदी जैसा होता है कभी शाँत, कभी उछाल मारता। इसलिए अगर तुम चाहो तो मैं तुम्हारी बात सुन सकता हूँ...तुम्हारी उलझन सुलझा सकता हूँ।"

नीरज ने ऊपर देखा, थोड़ा हिचकिचाया लेकिन बुजुर्ग की दयालु आवाज़ ने उसके दिल का द्वार खोल दिया। बच्चे विश्वास जल्दी करते हैं, खासकर जब कोई उन्हें बिना डाँटे सुने। "दादा जी, मैं सोच रहा हूँ कि मैं इतना छोटा और कमज़ोर क्यों हूँ। सब मुझसे बड़े हैं...ताकतवर, गुस्सैल, ऊँचे और मोटे। मैं क्या कर सकता हूँ? मैं तो बस खेलता हूँ, गिरता हूँ और रोता हूँ। हर कोई मुझे डाँटकर चला जाता है..." नीरज बोलता जा रहा था।

बुजुर्ग ने हल्के से हँसकर नीरज के कंधे पर हाथ रखा और स्नेह पूर्वक कहा, "अरे बेटा, छोटा होना कोई कमज़ोरी नहीं। देखो न, तुम्हारे पैर पर चढ़ रही यह चींटी...कितनी नन्हीं है लेकिन क्या ताकत है इसमें! यह अपने से कई गुना वजन उठाकर ले जाती है। महल जैसा बड़ा घर बना लेती है। और वहाँ मंदिर की मुंडेर पर बैठी चिड़िया, तुमसे छोटी है लेकिन उड़ सकती है, गा सकती है। और फिर तुम अकेले छोटे नहीं हो। यह घास तुमसे भी ज्यादा छोटी है लेकिन उसने कभी शिकायत नहीं की। इसकी छोटी-छोटी जड़ें मिट्टी को कितनी मजबूती से पकड़े हुए हैं। अगर ये न होती तो यहाँ की मिट्टी बह जाती। बड़े पेड़ों की जड़ें और भी गहरी होती हैं पर घास की जड़ें भी मिट्टी को बाँधने में बहुत काम आती हैं। कभी सूई को देखा है...? कितनी छोटी होती है लेकिन कितने बड़े-बड़े कपड़े सिल देती है। कलम कितनी छोटी होती है लेकिन उसके द्वारा लिखे गए शब्दों का असर बड़े-बड़े राजा-महाराजाओं पर पड़ता है। उसका वार तलवार से भी ज्यादा गहरा होता है। एक छोटी सी बात हमारे जीवन की दिशा बदल देती है, बेटा। हर किसी का अपना महत्व होता है, चाहे वह छोटा हो या बड़ा।

अच्छा, बताओ, क्या तुमने कभी इस पानी को गौर से देखा है...?"

नीरज ने तालाब की ओर देखा। पानी शाँत था लेकिन उसमें हल्की हवा से छोटी-छोटी लहरें उठ रही थीं। "हाँ दादा जी, देखा है। यह तालाब इतना बड़ा है, इतना पानी भरा है लेकिन यह तो बहुत शाँत और साफ है।"

बुजुर्ग मुस्कुराए। "हाँ, पानी शाँत है लेकिन क्या तुम जानते हो यह कितना मजबूत है? यह पत्थरों को घिस-घिसकर चिकना कर देता है, पहाड़ों में रास्ता बना लेता है और नदियाँ बनकर बह जाता है।" तभी उन्होंने एक छोटा-सा पत्थर उठाकर पानी में डाला, जो हल्की-सी छपाक से डूब गया। "देखो, पानी ने इसे समा लिया।"

नीरज की आँखें आश्चर्य से फैल गईं। बच्चे की जिज्ञासा ऐसी ही होती है। एक छोटी सी बात भी उन्हें आश्चर्य से भर देती है‌। वे और जानना चाहते हैं, "लेकिन दादा जी, पानी तो इतना नरम है, मुलायम! यह उँगली से छूने पर बह जाता है। यह पत्थरों को कैसे घिस सकता है? मैं तो जानता हूँ कि पानी सबकी प्यास बुझाता है, फसलें उगाता है और खेलने में मज़ा देता है। लेकिन मजबूत...यह कैसे?"

बुजुर्ग ने बच्चे के मन की परतों को छूते हुए धीरे से समझाया, "बेटा, पानी की नम्रता ही इसकी सबसे बड़ी ताकत है। नम्रता, यानी नरमी वह शक्ति है जो बिना लड़ाई के जीतती है। पानी कभी झगड़ता नहीं लेकिन लगातार बहता रहता है। अगर रास्ते में पत्थर आ जाए तो वह उसे काटकर आगे बढ़ जाता है... धीरे-धीरे, बिना शोर मचाए। और अगर बाढ़ आए, तो यह मकान गिरा सकता है, पेड़ उखाड़ सकता है। लेकिन शाँत रहकर एक छोटे गिलास में भी समा जाता है। देखो, इसे जिस बर्तन में डालो, यह उसी का आकार ले लेता है... गोल, चौकोर या लंबा। पानी खुद को बदलता है, परिस्थितियों के अनुसार ढलता है लेकिन अपनी मंजिल कभी नहीं भूलता। बच्चे का मन भी वैसा ही होता है नरम और लचीला। अगर तुम गुस्से से लड़ोगे तो टूट जाओगे लेकिन नम्रता से झुकोगे तो मजबूत बनोगे।"

जब उदाहरण उनके सामने हों तो बच्चे जल्दी सीखते हैं। नीरज ने भी बहुत ध्यान से सारी बातें सुनीं और सोचा। उसकी आँखों में चमक आ गई। "दादा जी, क्या मैं भी पानी की तरह बन सकता हूँ? अगर स्कूल में कोई मुझे धक्का दे तो मैं गुस्सा न करूँ बल्कि अपना रास्ता बदल लूँ? अगर मास्टर जी डाँटें तो मैं उदास न होऊँ बल्कि सीख लूँ? मैं भी नरम रहकर मजबूत बन सकता हूँ...?"

बुजुर्ग ने सिर हिलाया, "बिल्कुल, बेटा। नम्रता तुम्हारी ताकत बनेगी। बच्चों का मन स्पंज जैसा होता है, सब कुछ सोख लेता है। अगर तुम पानी की तरह बहना सीख गए तो कोई अड़चन तुम्हें रोक नहीं सकेगी। तुम छोटे हो लेकिन तुम्हारा दिल बड़ा है। नम्र रहो लेकिन दृढ़ रहो।"

नीरज उठा, नम्रतापूर्वक पाँव छूकर बुजुर्ग को धन्यवाद कहा और घर की ओर दौड़ा। पानी की लहरें भी मानो उसके साथ मुस्कुरा रही थीं जैसे कह रही हों कि नम्रता की ताकत से दुनिया जीती जा सकती है।

अचानक, उसके मन में एक नया जज़्बा जगा... साहस का, मजबूती का। धीरे-धीरे, नीरज बदलने लगा। वह अब खुद को छोटा नहीं मानता था। जब कोई उसे चिढ़ाता तो वह मुस्कुराकर जवाब देता, गुस्सा नहीं करता। जब मुश्किल आती तो वह रास्ता बदल लेता लेकिन हार नहीं मानता। गाँव वाले कहते, "यह लड़का पानी जैसा हो गया है...शाँत, स्थिर, नम्र लेकिन अटूट।"

आज नीरज फिर तालाब पर आया। उसने एक बार फिर तालाब में झाँका लेकिन इस बार दृढ़ता से। पानी में उसका प्रतिबिंब था। लड़का मुस्कुराया। अरे यह क्या...! उसका साहस देखकर पानी भी साथ में मुस्कुराया तो नीरज का साहस दोगुना हो गया।