मेरी पहली कमाई (बाल कहानी) : मनजीत शर्मा 'मीरा'
हिमाचल की ऊँची चोटियों की गोद में बसा था वह छोटा-सा गाँव, जहाँ हरी-भरी वादियाँ मानो नीले आकाश से बातें करतीं और ठंडी हवाएँ पेड़ों की पत्तियों से सरसराती हुई गुज़रतीं। सुबह की पहली किरणें जब बर्फीली चोटियों पर पड़तीं तो पूरा गाँव सुनहरी चादर ओढ़ लेता। यहीं रहती थी रिया, चौदह बरस की एक किशोरी, जिसके काले बालों में पहाड़ी फूलों की महक बसी थी और आँखों में सपनों का अथाह सागर लहराता था। लेकिन गरीबी की ठंडी साँसें उसके सपनों को हर रोज़ ठिठुराती रहतीं। पिता राम सिंह मजूरी करते, खेतों में हल चलाते मगर कभी बे-मौसम बारिश की मार तो कभी सूखे का कहर उनकी मेहनत को बंजर बना देता।
माँ सरिता, घर की चारदीवारी में चूल्हा जलाती, रोटियाँ सेकती पर कई रातें ऐसी भी आतीं जब आटे के कनस्तर खाली रहते और परिवार भूखी आँखों से सितारों को ताकते हुए सो जाता। छोटा भाई रवि, सिर्फ सात साल का, स्कूल की किताबों का सपना देखता मगर कॉपी-किताब का खर्च उसके नन्हें कंधों पर बोझ बन जाता।
रिया का दिल प्रकृति से इतना जुड़ा था कि वह जंगलों में भटकते हुए खुद को जीवंत महसूस करती। वहाँ की सूखी पत्तियाँ, टूटी टहनियाँ, फटे-पुराने कपड़ों के टुकड़े और कचरे की बिखरी चीजें उसके लिए खजाना होतीं। इनसे वह अपने हाथों के जादू से नई दुनिया रचती। कभी पीपल के बड़े-बड़े पत्तों से पत्तल और दोने बनाती, जो खाने में इस्तेमाल होते और मिट्टी में घुल जाते तो कभी जूट की पुरानी रस्सियों से मजबूत टोकरियाँ बुनती जो फल-सब्जी रखने के काम आतीं। कभी सूखी लकड़ियों से छोटी-सी नाव तराशती, जो नदी के पानी में तैरती और बच्चों को खुशी देती। कभी वो फटे कपड़ों से रंग-बिरंगी गुड़ियाँ सिलती, जिनके चेहरे पर मुस्कान ऐसी कि देखने वाले का दिल पिघल जाए और कभी-कभी टहनियों से नन्हीं झोंपड़ियाँ खड़ी करती जो खिलौना घर बन जातीं। ये सब चीजें न सिर्फ सुंदर थीं बल्कि पर्यावरण की रक्षा का संदेश भी देती थीं कि कचरा भी उपयोगी हो सकता है। प्लास्टिक की जगह प्राकृतिक सामग्री से जीवन हरा-भरा रह सकता है। रिया रातों में चुपके से सोचती, "अगर इनसे कुछ कमाई हो जाए तो शायद घर की दीवारों की दरारें भर जाएँ, कनस्तर में आटा भर जाए और भाई की आँखों में स्कूल का सपना चमके।"
एक दिन गाँव में वार्षिक मेला लगा। हवा में मिठास घुली हुई थी। दूर-दूर से लोग आए थे। चारों तरफ हँसी-ठिठोली, मिठाइयों की खुशबू और रंग-बिरंगे स्टॉलों का शोर छाया हुआ था। रिया के मन में भी हलचल हुई। एक दिन उसने अपनी माँ से कहा, "माँ, मैं अपने बनाए खिलौने मेले में बेचूँ...? शायद कोई पसंद कर ले और हमें कुछ पैसे मिल जाएँ।"
माँ का चेहरा चिंता की रेखाओं से भर गया। "बेटी, तू अभी इतनी छोटी है। लोग क्या कहेंगे? अगर न बिके तो दिल अलग टूटेगा तेरा। और फिर, लड़की होकर बाहर दुकान लगाना...!" मगर रिया की आँखों में जो जिद और उम्मीद की चमक थी उसने माँ का दिल पिघला दिया। "ठीक है, बेटी जा लेकिन सावधानी से।"
रिया ने एक पुरानी बाँस की टोकरी में अपने खिलौने सजाए। हरे पत्तों की नावें, कपड़े की मुस्कुराती गुड़ियाँ, सूखी टहनियों की झोंपड़ियाँ, जूट की छोटी-छोटी टोकरियाँ और पीपल के पत्तों से बने दोने। उसने टोकरी को सिर पर रखा और मेले की भीड़ में एक शाँत कोने में जा बैठी। उसका दिल इतनी तेजी से धड़क रहा था। ऐसा लगता था जैसे कोई बड़ा तूफान आने वाला है। हाथों में पसीना आ रहा था और आँखें हर आने-जाने वाले पर टिकी थीं।
मेले में लोग आते-जाते रहे। कुछ ने नज़र डाली मगर आगे बढ़ गए। कुछ ने रुककर खिलौनों के बारे में बातचीत की। रिया प्यार से सब बताती रही। मेले में खूब रौनक थी लेकिन रिया का दिल जैसे इस मेले की चहल-पहल से कटा हुआ था। उसका दिल घबराने लगा। "क्या कोई नहीं खरीदेगा?" अभी वह सोच ही रही थी कि तभी एक बूढ़ी अम्मा ठिठकीं। उनके चेहरे पर झुर्रियाँ थीं लेकिन आँखों में दादी-सी ममता। उन्होंने कपड़े की गुड़िया को हाथ में उठाया, उसे घुमाया-फिराया और बोलीं, "अरी बिटिया, ये गुड़िया तो मानो जीवंत है! इसके चेहरे पर मुस्कान ऐसी कि मुझे मेरी पोती की याद आ गई। कितने में देगी?"
रिया की आवाज़ काँप गई, "बस पचास रुपये, अम्मा।" बूढ़ी ने अपनी थैली से दस-दस के पाँच सिक्के निकाले, रिया के हाथ में थमाए और गुड़िया लेकर चली गई। रिया ने सिक्कों को छुआ...ठंडे, चमकदार और इतने भारी कि लगा जैसे घर का सारा बोझ उतर गया हो। ये थे उसकी पहली कमाई के सिक्के! उसका चेहरा लाल हो उठा, आँखें नम हो गईं। यह महज पैसे नहीं बल्कि उसके सपनों की पहली उड़ान थी।
बूढ़ी अम्मा के जाते ही उसकी चीज़ों की तारीफ़ की बातें मेले में फैलने लगीं। पास खड़ी एक नन्ही बच्ची ने अम्मा के हाथ में चमकती गुड़िया देखी तो उसकी आँखें फैल गईं। वह अपनी माँ का हाथ झटककर दौड़ पड़ी और जिद करने लगी, "मम्मी, मुझे भी वैसी ही गुड़िया चाहिए! वो दीदी ने बनाई है न?" बच्ची की माँ मुस्कुराते हुए रिया की टोकरी तक आई और गुड़िया खरीद ली। लोग आपस में फुसफुसाने लगे, "वहाँ एक छोटी लड़की है जो कचरे से ऐसे सुंदर खिलौने बना रही है!"
मेले में बात फैलते ही एक मास्टरजी आए जिन्होंने लकड़ी की नाव देखी। "वाह, बेटी! ये नाव तो बच्चों को सिखाएगी कि कचरे से भी रचनात्मकता निकाली जा सकती है। सूखी लकड़ियाँ बीनकर ऐसी सुंदर चीज़ बनाना....यह तो पर्यावरण का सबक है।" उन्होंने सौ रुपये दिए और नाव ले ली।
फिर एक स्कूल की अध्यापिका आईं जिन्होंने तिनकों की झोंपड़ी को सराहा। "ये खिलौने बच्चों को बताते हैं कि प्लास्टिक का कचरा धरती को नुकसान पहुँचाता है जबकि प्राकृतिक चीजों से बनी ये झोंपड़ियाँ मिट्टी में मिल जाती हैं। कितनी खूबसूरत सोच है तेरी!" उन्होंने उत्सुकता से पूछा, "बेटी, तू इतने सुंदर खिलौने कैसे बना लेती है?"
रिया ने शर्माते हुए बताया, "बस, जंगल से सामान लाती हूँ और हाथों से आकार देती हूँ। कभी रंगों से सजाती हूँ, कभी धागों से बाँधती हूँ।" अध्यापिका ने मुस्कुराकर कहा, "चल, मैं तुझे कुछ टिप्स देती हूँ। अगर तू टहनियों को पहले पानी में भिगो ले तो वे ज्यादा लचीली हो जाती हैं और टूटती नहीं। और पत्तों पर प्राकृतिक रंग लगाकर और चमकदार बना सकती हो।" रिया की आँखें चमक उठीं। अध्यापिका को झोंपड़ी खरीदते देखकर मेले में अन्य लोग भी अब उसकी छोटी सी दुकान की तरफ आकर्षित होने लगे थे।
एक बाप अपनी बेटी के साथ आया, झोंपड़ी ली और बोला, "बेटी, तेरी मेहनत गाँव की लड़कियों को नया रास्ता दिखाएगी। अब बच्चे इनसे खेलेंगे न कि जहरीले प्लास्टिक से।" शाम ढलते-ढलते रिया ने नौ सौ पचास रुपये जोड़ लिए। उसके लिए ये पैसे किसी राजा के खजाने से कम न थे। मेहनत की पहली मिठास जो उसके दिल को भर रही थी।
घर लौटते हुए रिया के मन में विचारों का एक अनवरत झरना सा बह रहा था। वह भली-भाँति जानती थी कि उसके हाथों में थमे ये पैसे सिर्फ उसकी मेहनत के नहीं बल्कि पूरे गाँव के स्नेह और सहयोग की पूँजी थे।
जैसे ही उसने घर की दहलीज़ पर कदम रखा, सबसे पहले अपनी माँ को पुकारा। माँ के सामने आते ही उसने सारे पैसे उनके हाथ में रख दिए और भावुक स्वर में बोली, “माँ, मेरी पहली कमाई...” ये शब्द सुनते ही माँ की आँखों से ममता के अश्रु छलक पड़े। उन्होंने बिना कुछ कहे अत्यंत वात्सल्य से रिया को गले से लगा लिया। उस एक आलिंगन में जैसे दुनिया भर का सुकूँ सिमट आया था।
अगले दिन उसने छोटे भाई रवि की स्कूल की किताबें और कॉपियाँ खरीदीं। रवि की आँखें खुशी से चमक उठीं, "दीदी, अब मैं पढ़ सकूँगा!" बचे पैसों से रिया ने कुछ फलदार पेड़ों के बीज खरीदे। उसने गाँव के बच्चों को इकट्ठा किया जिनके छोटे-छोटे हाथ और उत्सुक आँखें थीं।
"चलो, जंगल में पौधे लगाएँगे। ये बीज उगेंगे, फल देंगे और हमारा गाँव हरा रहेगा।" बच्चे उसके साथ चले, मिट्टी खोदी, बीज बोए और पानी डाला। रिया ने उन्हें सिखाया, "कचरा फेंकना नहीं, उससे खिलौने बनाना। धरती माँ को साफ रखना, तभी वह हमें कुछ देगी।"
उसकी छोटी-सी कोशिश ने लहर पैदा कर दी। गाँव के कुछ और बच्चे जुड़े, वे भी कचरे से खिलौने बनाने लगे। जंगल में नए पौधे उगने लगे, कचरे के ढेर कम होने लगे। रिया भी अब स्कूल जाने लगी, जहाँ अध्यापिका ने उसे और भी कई प्रकार के टिप्स दिए और बताया कि कैसे प्राकृतिक जड़ी-बूटियों से रंग बनाएँ, कैसे डिजाइन बेहतर करें।
समय जैसे उड़ने लगा। स्कूल के बच्चे रिया की देखा-देखी खिलौने बनाना सीखने लगे। फलस्वरुप गाँव में एक छोटी-सी कार्यशाला बन गई जहाँ युवा बेरोजगार भी शामिल होकर पर्यावरण-अनुकूल उत्पाद बनाने लगे।
रिया की पहली कमाई कोई साधारण कमाई न थी। यह एक ऐसी लौ थी जो गरीबी की अँधेरी रात में चमकी और पूरे गाँव को रोशन कर गई। इसने सिखाया कि मेहनत और नेक इरादों से न सिर्फ परिवार उबर सकता है बल्कि समाज में भी बदलाव लाया जा सकता है। युवा बेरोजगारों को रोजगार मिला, बच्चे पर्यावरण का महत्व समझने लगे।
रिया अब बड़ी हो गई है लेकिन उसकी कहानी गाँव की हर लड़की के दिल में बसती है कि सपने जंजीरों में नहीं बंधते, वे उड़ान भरते हैं जब हाथ मेहनत से जुड़ते हैं। आज रिया का गाँव स्वच्छ और हरा-भरा है, नदियाँ साफ बहती हैं। बच्चे मुस्कुराते हुए स्कूल जाते हैं, मिलजुलकर खेलते हैं। और हर चेहरा उस नन्हीं किशोरी की हिम्मत का कर्जदार है जिसने अपनी छोटी-सी शुरुआत से बड़े बदलाव की नींव रखी।