कला का रंग (बाल कहानी) : मनजीत शर्मा 'मीरा'

हिमाचल प्रदेश के एक हरे-भरे गाँव अम्ब में चुटकी नाम की एक नन्हीं लड़की रहती थी। चुटकी बोल नहीं सकती थी पर उसकी आँखें सितारों-सी चमकतीं और चेहरे पर हमेशा प्यारी-सी मुस्कान खिली रहती थी। गाँव के बच्चे उसे चिढ़ाते नहीं थे बल्कि प्यार करते थे क्योंकि उसकी होशियारी और संवेदनशीलता सबका दिल जीत लेती थी। वह अपनी आँखों और हाथों के इशारों से पूरी दुनिया समझा देती थी।

चुटकी को चित्रकारी से प्रेम था। चित्र बनाना उसकी माँ ने ही उसे सिखाया था। वह अपने घर की दीवारों पर कोयले से, आँगन की मिट्टी में उंगलियों से और खेतों में रंग-बिरंगे फूलों से चित्र बनाती। उसकी उंगलियाँ प्रकृति के साथ ऐसे नाचतीं मानो हर रेखा में गाँव की कहानी बुन रही हों। गाँव में हर साल ‘गाँव का रंग’ नाम से त्योहार मनाया जाता था जहाँ बच्चे चित्र बनाकर अपनी-अपनी कला का प्रदर्शन करते थे और खूबसूरत पुरस्कार प्राप्त करते। इस बार मुखिया जी ने घोषणा की, “जो बच्चा सबसे सुंदर चित्र बनाएगा उसे विशेष पुरस्कार मिलेगा...जादुई रंगों का एक अनोखा डिब्बा जो कभी खत्म नहीं होगा!”

चुटकी का नन्हा-सा दिल इस घोषणा को सुनते ही अद्भुत उत्साह और रोमांच से भर गया। उसकी चमकती आँखों में सपनों के रंग तैरने लगे और वह मन ही मन अपनी नई कलाकृति की रूपरेखा उकेरने लगी। वह दिल से चाहती थी कि उसकी चित्रकारी इस बार न केवल प्रतियोगिता जीते बल्कि पूरे गाँव को गौरवान्वित भी करे। लेकिन उसकी उत्सुकता देखकर उसके माता-पिता के चेहरे पर चिंता की लकीरें उभर आई थीं। उसकी माँ ने उसके सिर पर हाथ फेरते हुए धीरे से कहा, "मेरी नन्हीं बेटी, तुम्हारे भाव बहुत सच्चे हैं लेकिन तुम बोलकर अपनी बात नहीं समझा पाओगी कि तुम्हारा चित्र क्या संदेश दे रहा है। और फिर, प्रतियोगिता के लिए तो बाज़ार के महँगे रंगों की ज़रूरत होगी जो हमारे पास नहीं हैं..."

माता-पिता की इस बेबसी और उदासी को देखकर चुटकी बिल्कुल भी निराश नहीं हुई। उसने माँ के हाथों को अपने छोटे-छोटे हाथों में थाम लिया, आत्मविश्वास से भरकर अपनी आँखें झपकाईं और अपनी उंगलियों से हवा में इशारे करते हुए समझाया, "माँ, आप रंगों की जरा भी चिंता मत करो! जो प्रकृति मुझे चित्र बनाने की प्रेरणा देती है, वही मुझे रंग भी देगी। मेरे रंगों का खजाना तो इस पूरे हिमाचल की वादियों में बिखरा पड़ा है!" उसकी निश्चल मुस्कान और अटूट विश्वास देखकर माता-पिता की आँखें भर आईं और उन्हें अहसास हुआ कि चुटकी का यह हौसला बाज़ार के किसी भी महँगे रंग से कहीं ज्यादा जादुई है।

प्रतियोगिता का दिन जैसे-जैसे पास आ रहा था, चुटकी की लगन और मेहनत उतनी ही निखरती जा रही थी। हर सुबह सूरज की पहली किरण के साथ वह अपनी छोटी-सी टोकरी लेकर जंगल और खेतों की ओर निकल पड़ती। वह पूरे ध्यान से चुनिंदा चीज़ें इकट्ठी करती—पहाड़ी रास्तों से गीली चिकनी मिट्टी, खेतों से ताजा हल्दी, खेतों की मेड़ पर उगे गहरे लाल चुकंदर और रंग-बिरंगी दालें। यही नहीं, उसने घर के बगीचे से नील के नीले फूल, गुलाब की खुशबूदार पंखुड़ियाँ और मेहंदी की हरी पत्तियाँ भी बड़े प्यार से चुनी थीं। फिर घर आकर वह घंटों मेहनत करके फूलों को पीसती, पत्तियों का रस निचोड़ती और हल्दी-चुकंदर से प्राकृतिक गाढ़े रंग तैयार करती।

आख़िरकार, इंतज़ार की घड़ियाँ खत्म हुईं और प्रतियोगिता का बहुप्रतीक्षित दिन आ ही गया। गाँव का बड़ा मैदान आज कागज़ों, कैनवास, बच्चों की चहक और उत्सुक अभिभावकों की भीड़ से गुलज़ार था। चारों तरफ़ एक उत्सव जैसा माहौल था। मैदान में लगे मेज़ों पर सभी बच्चे अपने महँगे, चमकदार वॉटर कलर्स, पेस्टल शेड्स और तरह-तरह के ब्रश सजाकर इतरा रहे थे। लेकिन चुटकी की मेज़ का नज़ारा सबसे अनोखा और अलग था। उसकी टोकरी में बाज़ार के महँगे रंगों की जगह प्रकृति का दिया खज़ाना था...कटोरियों में पिसी हुई हल्दी का चमकीला पीला रंग, चुकंदर का गहरा लाल रस, मेहंदी का हरा पेस्ट, नीले फूलों का अर्क, भिगोए हुए चावल का सफ़ेद घोल और अलग-अलग रंग-बिरंगी दालें। जहाँ दूसरे बच्चों के पास कृत्रिम रंग थे, वहीं चुटकी के पास हिमाचल की वादियों की ताजा खुशबू से सराबोर एकदम सच्चे और कुदरती रंग थे।

तभी गाँव का सबसे शरारती लड़का रमेश, जो अक्सर दूसरों को नीचा दिखाने का मौक़ा ढूँढता रहता था, टहलता हुआ चुटकी की मेज़ के पास आया। चुटकी की टोकरी में रखी पत्तियों, कटोरियों और प्राकृतिक चीजों को देखकर उसने मुँह बनाया और ज़ोर से ठहाका लगाते हुए कहा, “अरे वाह! यह क्या पूरे जंगल का कचरा उठाकर ले आई तू? भला इन बासी फूलों और हल्दी-मिट्टी से भी कोई चित्र बनता है? यह देख मेरा चमचमाता हुआ महँगा रंगों का डिब्बा! असली चित्रकारी तो इससे होगी और पुरस्कार भी सीधे मेरी जेब में जाएगा!”

रमेश के कड़वे बोल सुनकर पास बैठे कुछ और बच्चे भी उसकी खिल्ली उड़ाने लगे। उन तानों की चुभन से चुटकी की आँखें भर आईं। एक पल के लिए उसका मासूम दिल डर और संशय से काँप उठा, “क्या बाज़ार के इन चमकीले रंगों के सामने मेरी मेहनत और प्राकृतिक रंगों की कद्र होगी? क्या लोग बिना बोले मेरी कला की भाषा को समझ पाएँगे?”

लेकिन अगले ही पल उसने अपनी पलकें झपकाकर आँसुओं को पोंछा और एक गहरी, लंबी साँस ली। उसने अपनी निराश होती हिम्मत को बटोरा, आँखों में एक अनोखी चमक लाई और उंगलियों से हवा में तेजी से इशारा करते हुए रमेश को जवाब दिया, "तू अपने महँगे रंगों पर इतरा, रमेश! मेरी चित्रकारी को किसी भाषा या महँगे डिब्बे की ज़रूरत नहीं... देखना, मेरी कला खुद बोलेगी!"

"हाँ-हाँ, देखेंगे किसका काम बोलेगा!" रमेश ने चिढ़कर चुटकी को जीभ दिखाई, हवा में हाथ नचाया और हँसते हुए अपनी सीट की ओर लौट गया। लेकिन चुटकी अब डरने वाली नहीं थी, उसने अपना सारा ध्यान अपने कैनवास और कुदरती रंगों पर केंद्रित कर लिया।

इस बार चुटकी ने रमेश के कड़वे तानों और हँसी की बिल्कुल परवाह नहीं की। उसने एक लंबी और गहरी साँस ली, अपना सारा ध्यान केंद्रित किया और बड़े ही प्यार से काम में जुट गई। उसने अपने हाथों को सूती कपड़े से पोंछा और एक पल के लिए आँखें बंद करके पूरे गाँव की सुंदरता को अपने मन में उतारा। अगले ही पल, उसकी उंगलियाँ और ब्रश कागज़ पर किसी नर्तकी की तरह थिरकने लगे।

थोड़ी दूर बैठा रमेश लगातार उसकी तरफ़ देखकर फुसफुसा रहा था, "अरे, यह तो कागज़ पर सिर्फ कीचड़ और पत्तियों की गंदगी फैला रही है! देखो, मेरे रंग तो बाज़ार के सबसे महँगे और चमकदार वॉटर कलर्स हैं!"

चुटकी ने उसके तानों को हवा में उड़ा दिया और अपनी पूरी आत्मा को उस चित्र में उड़ेलना जारी रखा। धीरे-धीरे, सफ़ेद कागज़ पर एक जादुई दुनिया आकार लेने लगी। कागज़ के बीचों-बीच लहराता हुआ एक विशाल, आत्मीय बरगद का पेड़ उभर आया, जिसकी एक-एक टहनी पर गाँव की जीवंतता छलक रही थी। लाल, पीले और नीले रंगों से लदी शाखाएँ ऐसी लग रही थीं मानो कुदरत खुद उस कैनवास पर उतर आई हो। उन पर मँडराती तितलियाँ और चावल के घोल से बनीं सफ़ेद बत्तखें चित्र में जैसे प्राण फूँक रही थीं। हर रंग से हिमाचल की मिट्टी और फूलों की सोंधी खुशबू महक रही थी।

लेकिन अब चित्र को पूरा करने के लिए चुटकी को एक बहुत ही खास रंग की ज़रूरत थी—एक ऐसा 'सुनहरा रंग', जो उगते हुए सूरज की पहली दिव्य किरण की तरह चमक सके और पूरे चित्र को आलोकित कर दे।

चुटकी ने उत्सुकता से अपनी टोकरी के भीतर झाँका। वहाँ सूखे पत्तों के बीच एक दुर्लभ 'सुनहरी चिड़िया का पंख' अलौकिक रोशनी के साथ जगमगा रहा था। यह वही पंख था जो सुबह बगीचे में घूमते समय उसे ज़मीन पर पड़ा मिला था। चुटकी ने जैसे ही उस पंख को स्पर्श किया, पूरे वातावरण में एक हल्की-सी सुनहरी जादुई आभा छनकर बिखर गई।

चुटकी के चेहरे पर एक मधुर मुस्कान फैल गई। उसने गोंद की मदद से उस सुनहरी पंख को सूरज की किरणों वाले स्थान पर बड़ी ही कोमलता से चिपका दिया। पंख के चिपकते ही कैनवास पर बना वह सूरज मानो सचमुच जी उठा! उसकी सुनहरी चमक से पूरा चित्र जगमगाने लगा जैसे किसी जादुई चिड़िया ने अपनी समूची चमक उस नन्हीं चित्रकार को सौंप दी हो। चुटकी ने मन ही मन सुनहरी चिड़िया को धन्यवाद दिया जो उस के मस्तिष्क में कल्पनाओं के फूल पर बैठी थी। सुनहरी चिड़िया जैसे फुसफुसाई, “तुम्हारी निस्वार्थ भावना ने मुझे जीवंत किया, प्यारी चुटकी।”

चुटकी का चित्र अब प्रकृति का जीवंत सपना बन गया था, जिसमें सुनहरी चिड़िया के पंख से बना सूरज चित्र में बने बरगद के पेड़ के पीछे से इतराकर अपनी आभा बिखेर रहा था। रंग-बिरंगे फूलों की खुशबू महक रही थी और मिट्टी के रंग से बनी पहाड़ियों पर गाँव की आत्मा झलक रही थी। रंग-बिरंगी दालों को कागज़ पर चिपका कर खेतों को जीवंत कर दिया था।

प्रतियोगिता खत्म हुई। मुखिया जी ने सभी चित्र देखे। रमेश का चित्र चमकदार तो था पर बाज़ार के रंगों से बनाया गया था और उसमें वो आत्मा नहीं थी जो इस प्रतियोगिता का उद्देश्य थी। सब प्रतिभागियों के चित्र देखने के बाद जब मुखिया जी चुटकी के चित्र पर रुके तो उनकी आँखें आश्चर्यसे चमक उठीं, “अरे! यह चित्र तो प्रकृति का गीत है! ऐसा लगता है बरगद का पेड़ अभी बोल पड़ेगा...!” मुखिया जी देर तक चित्र की प्रशंसा करते रहे और फिर उन्होंने पूछा, “बेटी, ये अनोखे रंग तुम्हारे पास कहाँ से आए?”

चुटकी ने अपनी टोकरी से चुकंदर, रंग-बिरंगे फूल, मेंहदी और पेड़-पौधों के हरे पत्ते, मिट्टी, दालें और चिड़िया का सुनहरी पंख निकालकर इशारों से समझाया कि कैसे उसने ये प्राकृतिक रंग बनाए। कैसे चिड़िया के सुनहरे पंख को सूरज बनाने के लिए उसने आटे से बने गोंद से चित्र में जोड़ा।

मुखिया जी दंग रह गए। उन्होंने सबको बुलाया और चुटकी की प्रशंसा करते हुए मंच पर जाकर घोषणा की, “चुटकी की खामोशी उसकी ताकत है। उसने प्रकृति से रंग लिए और कला को जिंदा किया। वह इस साल की विजेता है!” सैकड़ों तालियों के बीच ‘गाँव का रंग’ प्रतियोगिता में चुटकी को प्रथम पुरस्कार के रूप में जादुई रंगों का डिब्बा मिला जिसमें प्रकृति से रंग कैसे बनाएँ के बारे में समझाया गया था। यह सुनकर चुटकी के चेहरे पर एक बड़ी-सी मुस्कान आ गई जो हज़ारों शब्दों से भी ज्यादा बोल बोल रही थी।

यह सब देखकर रमेश का सिर शर्म से झुक गया। उसे समझ आ गया कि कला बाज़ार के महँगे रंगों से नहीं बल्कि सच्चे मन और लगन से बनती है। वह आगे बढ़ा और भारी मन से बोला, “मुझे माफ कर दो चुटकी, मैं अपने महँगे रंगों के घमंड में तुम्हारी लगन को नहीं समझ पाया। आज तुमने मुझे सबसे बड़ा पाठ पढ़ाया है।” चुटकी ने हमेशा की तरह मुस्कुराकर उसे माफ कर दिया और अपनी जीत की खुशी पूरे गाँव के बच्चों के साथ बाँटी।

इस प्रतियोगिता के बहाने उस दिन गाँव के सभी बच्चों को दो सीख मिलीं। पहली प्राकृतिक चीज़ों जैसे फल, सब्जियाँ और पत्तों से भी रंग बनाए जा सकते हैं। और दूसरी कि किसी की कमी का कभी मजाक नहीं उड़ाना चाहिए बल्कि उसके हुनर को पहचानना चाहिए क्योंकि सच्ची प्रतिभा और सच्ची सुंदरता शब्दों की मोहताज नहीं होती। अपनी कमियों को अपनी ताकत बना कर हम जीवन में बहुत कुछ हासिल कर सकते हैं।

गाँव वालों की मदद से चुटकी ने ‘रंगोली रंगशाला’ शुरू की जहाँ चुटकी ने सभी बच्चों को प्राकृतिक रंग बनाना सिखाया। रमेश, जो कभी उसे चिढ़ाता था, अब उसका पहला शिष्य बन गया था। चुटकी की कला ने गाँव को बदल दिया। बच्चों ने सीखा कि पत्तियाँ, फूल, मिट्टी, और दालों से भी रंग बनाए जा सकते हैं। गाँव वालों ने फैसला किया कि अगले साल ‘गाँव का रंग’ प्रतियोगिता में सिर्फ प्राकृतिक रंग ही होंगे।