जादुई किताब का सफ़र (बाल कहानी) : मनजीत शर्मा 'मीरा'
रिया को पुरानी चीज़ों से बहुत प्यार था। उसकी दादी का घर एक ख़ज़ाने की तरह था जहाँ हर कोने में कोई न कोई पुरानी कहानी छिपी रहती थी। गर्मियों की छुट्टियों में जब वह अपनी दादी के घर जाती तो घंटों उस पुराने संदूक के पास बैठी रहती जिसमें दादी ने बचपन की सारी चीज़ें सँभालकर रखी थीं।
आज रिया को उस संदूक में बहुत पुरानी और धूल भरी एक किताब मिली। उसके कवर पर न तो कोई नाम था और न ही कोई चित्र। बस एक चमकता हुआ सितारा बना था। रिया ने धीरे से किताब खोली। अंदर के पन्ने बिलकुल साफ़ थे मानो किसी ने उन पर कभी कुछ लिखा ही न हो। रिया ने उदास होकर सोचा, "यह तो सिर्फ खाली पन्ने हैं।" लेकिन जैसे ही उसने किताब को बंद करने की सोची, किताब से एक धीमी, गुनगुनाती आवाज़ आई, "जरा रुको, रिया..."
रिया चौंक गई। उसने आवाज़ की दिशा में देखा लेकिन वहाँ कोई नहीं था। तभी उसने महसूस किया कि किताब का सितारा चमकने लगा है और किताब के पन्ने हवा में धीरे-धीरे हिल रहे हैं। फिर जादुई रूप से, पहले पन्ने पर एक छोटी-सी परी का चित्र उभर आया। परी के बाल सुनहरे थे, रंग दूधिया और कपड़े रंग-बिरंगे तारों से बने थे। उसके एक हाथ में जादुई छड़ी थी। परी ने अपनी पतली-सी आवाज़ में कहा, "मैं शब्दों की रानी हूँ। इस किताब में जो कुछ भी तुम अपनी कल्पना से लिखोगी, वह सच हो जाएगा।"
रिया की आँखें खुशी से चमक उठीं। उसने अपनी पेंसिल उठाई और पहले पन्ने पर लिखा, "एक सुंदर जंगल, जहाँ सारे जानवर आपस में बातें कर सकते हों।"
जैसे ही उसने लिखना बंद किया, कमरे की दीवारें गायब हो गईं और रिया ने खुद को एक हरे-भरे जंगल में पाया। पेड़ों पर रंग-बिरंगे पक्षी चहक रहे थे और ज़मीन पर एक नन्ही-सी गिलहरी एक बड़े से हाथी से बातें कर रही थी। गिलहरी कह रही थी, "अरे हाथी दादा, क्या आपने आज का अख़बार पढ़ा? अख़बार में आया है कि आज जंगल में नाच-गाना होगा।"
हाथी ने सिर हिलाया, "हाँ-हाँ, सुना है। आज हम सब मिलकर मज़ा करेंगे।"
रिया को विश्वास नहीं हो रहा था। यह सब सच था! उसने सोचा कि यह तो कमाल है। वह जल्दी से दौड़कर उस पेड़ के पास गई जिस पर एक पक्षी बैठा था। उसने पक्षी से पूछा, "क्या तुम सच में बात कर सकते हो?"
पक्षी ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, "हाँ, रिया! जब तक यह किताब खुली रहेगी तब तक हम सब बात कर सकते हैं।"
"अरे तुम्हें तो मेरा नाम भी पता है...!"
"हाँ, मुझे मालूम है कि तुम रिया हो...!" पक्षी जोर से चहका और रिया हैरान रह गई।
रिया ने अपनी जादुई किताब का इस्तेमाल करना सीख लिया था। हर दिन वह एक नई कहानी लिखती और उसकी दुनिया बदल जाती लेकिन जल्द ही उसे पता चल गया कि इस जादू के साथ कुछ चुनौतियाँ भी जुड़ी हैं।
अगले दिन, रिया ने लिखा, "एक ऐसा समुद्र, जहाँ मछलियाँ गाती हैं और उनके गाने सुनहरे मोती बन जाते हैं।"
जैसे ही उसने लिखना बंद किया उसने अपने आप को एक विशाल समुद्र के नीचे पाया। चारों तरफ़ रंग-बिरंगी मछलियाँ थीं जो सचमुच गा रही थीं। उनके मधुर संगीत से छोटे-छोटे बुलबुले निकल रहे थे जो सुनहरे मोतियों में बदल रहे थे। रिया ने अपनी आँखें मलकर देखा, यह सच था! वह एक जादुई पानी में थी। ऐसा पानी जिसमें वह साँस ले सकती थी और बिना किसी परेशानी के तैर सकती थी।
लेकिन तभी उसे एक उदास व्हेल मछली दिखाई दी। उसका गाना बाकी मछलियों की तरह मधुर नहीं था बल्कि बहुत कर्कश और बेसुरा था। उसके गाने से कोई मोती नहीं बन रहा था।
रिया ने व्हेल के पास जाकर पूछा, "तुम इतनी उदास क्यों हो?"
व्हेल ने धीमी आवाज़ में कहा, "मैं बचपन से ही अच्छा नहीं गा पाती। मेरे गाने से मोती नहीं बनते और मैं कभी अपनी आवाज़ से दूसरे जानवरों को खुश नहीं कर पाई।" रिया को व्हेल पर दया आई। उसने सोचा कि वह अपनी जादुई किताब से व्हेल का गाना अच्छा कर सकती है। उसने अपनी पेंसिल उठाई और लिखने की कोशिश की, "व्हेल का गाना बहुत मधुर हो जाए।"
जैसे ही उसने यह लिखा, किताब के पन्ने चमक उठे और किताब ने रिया को झिझकते हुए कहा, "रिया, तुम अपनी कहानी में किसी को नहीं बदल सकती। तुम सिर्फ नई दुनिया बना सकती हो, किसी का स्वभाव नहीं बदल सकतीं।"
रिया निराश हो गई। उसने व्हेल को बताया कि वह उसकी मदद नहीं कर सकती। व्हेल ने गहरी साँस ली और कहा, "कोई बात नहीं। कम से कम तुमने कोशिश तो की।" रिया ने सोचा कि उसे कुछ और करना होगा। उसने किताब में लिखा, "एक ऐसा यंत्र जो व्हेल के गाने को मधुर और सुंदर बना दे।"
जैसे ही उसने यह लिखा, एक छोटा-सा सितारा उसके हाथ में आया। वह एक जादुई यंत्र था। रिया ने उस यंत्र को व्हेल के पास ले जाकर उसे दिखाया। व्हेल ने यंत्र को अपने पास रखा और जब उसने फिर से गाना शुरू किया तो यंत्र उसके गाने को सुंदर और मधुर बनाने लगा। व्हेल का बेसुरा गाना अब एक मधुर धुन में बदल गया। उसका चेहरा खुशी से खिल उठा और उसके गाने से सुनहरे मोती बनने लगे।
व्हेल ने रिया को धन्यवाद दिया और उसे एक बड़ा, चमकता हुआ सुनहरा मोती दिया।
रिया ने व्हेल से विदा ली और वापस अपनी दुनिया में आ गई। उसने अब यह सीख लिया था कि जादुई किताब का इस्तेमाल सिर्फ दुनिया बनाने के लिए नहीं बल्कि दूसरों की मदद करने के लिए भी किया जा सकता है।
रिया अब हर दिन नई कहानियाँ लिखती थी। कभी वह एक ऐसे रेगिस्तान में जाती जहाँ रेत चॉकलेट की बनी होती थी तो कभी एक ऐसे शहर में जहाँ सारी इमारतें खिलौनों से बनी होतीं। वह अपनी कहानियों के ज़रिए नए दोस्त बनाती और उनकी मदद करती।
एक दिन रिया ने लिखा, "एक ऐसी दुनिया जहाँ हवा में मिठाइयाँ उड़ती हैं और सब लोग हमेशा हँसते रहते हैं।"
जैसे ही उसने यह लिखा, वह एक रंगीन दुनिया में पहुँच गई। हवा में टॉफ़ी, चॉकलेट और मीठी गोलियाँ उड़ रही थीं। हर कोई हँस रहा था और नाच रहा था। रिया ने भी कुछ मिठाई खाई और वह बहुत खुश हुई।
रिया अब हमेशा इसी दुनिया में खोई रहती। ना तो वह दादी से बात करती और ना ही पड़ोस के बच्चों के साथ खेलती। उसके अपने भीतर के सारे भाव भी कहीं दब गए थे। हर समय वह किसी न किसी नई कहानी की तलाश में ही रहती। रिया को इस दुनिया में घूमते हुए कई अनोखे अनुभव हुए लेकिन जल्द ही उसे एक अजीब और अस्वाभाविक बात का अहसास हुआ। इस जादुई दुनिया की किसी भी कहानी में कोई भी व्यक्ति कभी उदास या क्रोधित नहीं होता था। परिस्थितियाँ चाहे जैसी भी हों, हर चेहरे पर सिर्फ मुस्कुराहट ही चिपकी रहती थी। हद तो तब हो गई जब उसने अपनी आँखों के सामने एक छोटे बच्चे को पत्थरों पर गिरते देखा। उसके घुटने से खून बह रहा था और दर्द साफ दिख रहा था लेकिन रोने या चीखने के बजाय वह बच्चा बेसुध होकर हँसे जा रहा था। दर्द और हँसी का यह बेमेल संगम रिया को डरावना लगा।
रिया ने पास खड़े एक बुजुर्ग से झिझकते हुए पूछा, "बाबा, क्या आप लोगों को कभी गुस्सा नहीं आता? क्या कभी किसी बात का दुख नहीं होता?"
बूढ़े आदमी ने अपनी बेपरवाह हँसी के साथ जवाब दिया, "नहीं, बिटिया! हमारी इस दुनिया में सिर्फ खुशियों का राज है। हमने कभी दुख, दर्द या गुस्से जैसा कुछ महसूस ही नहीं किया।"
तब रिया को एक गहरा सच समझ आया कि यह दुनिया तो एकदम अधूरी और खोखली है। जहाँ दुख का कोई वजूद न हो, वहाँ खुशी का कोई मोल नहीं रह जाता। बिना अँधेरे के उजाले की कीमत कैसे समझ आएगी? मैंने खुशी से भरी दुनिया माँगी तो किताब ने मुझे वही दी। उसने ठान लिया कि उसे इस असंतुलन को ठीक करना होगा। रिया ने तुरंत अपनी जादुई पेंसिल उठाई और किताब के पन्ने पर लिखा, “मुझे एक ऐसी दुनिया चाहिए, जहाँ इंसान हर भावना को पूरी शिद्दत से महसूस कर सके।”
लिखते ही किताब में से एक जादुई, नीली रोशनी फूटी। अचानक पन्ने फड़फड़ाए और वातावरण में एक भारी, गंभीर आवाज़ गूंज उठी, "तुम मेरी शक्तियों का दुरुपयोग कर रही हो! तुम्हें एक पूरी दुनिया के ताने-बाने के साथ खिलवाड़ करने का हक किसने दिया? पहले तुमने एक ऐसी दुनिया माँगी जहाँ सिर्फ खुशी हो और अब जब तुम्हें अपनी गलती का अहसास हुआ तो जादू से उसे सुधारना चाहती हो? जीवन कोई गुड्डे-गुड़ियों का खेल नहीं है जिसे तुम अपनी मर्जी से खेलती रहो! जब तक तुम खुद हर भावना की कीमत नहीं समझोगी, मेरी शक्तियाँ तुम्हारे लिए खिलौनों की तरह इस्तेमाल नहीं होंगी। समझो रिया, भावनाएँ तो जीवन के बदलते मौसमों की तरह हैं। अगर पतझड़ ही न हो तो बसंत का स्वागत कैसे होगा? क्या तुम सच में एक ऐसी बेजान दुनिया चाहती हो जहाँ डर, दुख, गुस्सा और सबसे बढ़कर... प्रेम का कोई अहसास ही न बचे?"
इससे पहले कि रिया कुछ कह पाती, जादुई किताब एक ज़ोरदार धमाके के साथ खुद-ब-खुद बंद हो गई। रोशनी गायब हो गई और एक झटके के साथ रिया उस फंतासी की दुनिया से बाहर आ गिरी। वह वापस अपनी दादी माँ के घर के उसी शाँत कमरे में बैठी थी, जहाँ हाथ में बंद किताब और मन में ढेरों सवाल बाकी थे।
रिया बहुत डर गई थी। उसे समझ आ गया था कि वह अपनी शक्तियों का ठीक से इस्तेमाल नहीं कर रही थी। उसने कुछ समय के लिए किताब को संदूक में वापस रख दिया और सोचने लगी कि क्या करना चाहिए। कुछ दिनों तक रिया ने किताब को हाथ नहीं लगाया। वह समझ गई थी कि जादू का इस्तेमाल सोच-समझकर ही करना चाहिए और जादू का दुरुपयोग भी नहीं करना चाहिए।
जब बहुत दिनों तक रिया उदास रही और संदूक के पास नहीं गई तो दादी सब समझ गई। दादी ने रिया को अपने पास बैठाया, उसके सिर पर प्यार से हाथ फेरा और उसकी आँखों में झाँकते हुए बोलीं, "रिया बिटिया, अगर जीवन में कभी बारिश ही न हो, तो मिट्टी की सोंधी महक का आनंद कैसे मिलेगा? दुख और आँसू इंसान के दिल को साफ करते हैं, ताकि उसमें खुशी के लिए ज्यादा जगह बन सके। अगर दीया जल रहा है तो हमें अँधेरे की अहमियत भी समझनी चाहिए वरना रोशनी का चमत्कार कौन समझेगा? कल्पनाओं की दुनिया से बाहर आओ रिया...!" और फिर दादी ने रिया को सुख-दुख, दिन-रात, हँसना-रोना आदि भावनाओं से भरी हुईं ढेर सारी सच्ची कहानियाँ सुनाईं। दादी से कहानियाँ सुनकर रिया ने ज़िंदगी की छोटी-छोटी बातों को समझना शुरू किया। दादी की ये बातें रिया के दिल में उतर गईं। उसे अहसास हुआ कि असली सीख किताबों के पन्नों में नहीं बल्कि अपनों के साथ अनुभव और दुलार में छुपी है। ऐसे ही उसने जाना कि जीवन में उदासी, डर और गुस्सा भी ज़रूरी होते हैं क्योंकि ये भावनाएँ हमें इंसान बनाती हैं और हमें खुशी की अहमियत सिखाती हैं।
बहुत दिनों बाद जब वह अगली बार संदूक के पास गई और किताब को हाथ में थामा तो इस बार उसके मन में कोई बड़ा बदलाव करने की इच्छा पैदा नहीं हुई। अब वह सिर्फ एक कहानी लिखना चाहती थी जो सचमुच मायने रखती हो। उसने पेंसिल उठाई और बहुत सोच-समझ कर ध्यान से लिखा, "एक ऐसी दुनिया जहाँ एक छोटा-सा बच्चा अपनी जादुई किताब से सीखता है कि जीवन में हर भावना का अपना एक अलग और महत्वपूर्ण स्थान होता है। वह समझता है कि असली जादू सिर्फ नई दुनिया बनाने में नहीं बल्कि पहले से ही मौजूद उन दुनियाओं से कुछ सीखने में है।"
जैसे ही उसने यह लिखा, किताब से एक धीमी और शाँत रोशनी निकली। रिया को महसूस हुआ कि वह कहीं नहीं गई। वह अभी भी अपनी दादी के घर में थी लेकिन उसके मन में एक नई रोशनी भर गई थी। उसने देखा कि किताब के आख़िरी पन्ने पर जो अब तक ख़ाली था, एक छोटा-सा नोट लिखा हुआ था, "तुमने सही मायने में जादू का अर्थ समझ लिया है, रिया। असली जादू मन के भीतर है, किताब के पन्नों में नहीं।"
रिया ने किताब को देखा और मुस्कुराई। फिर उसने धीरे से किताब के पन्ने को छुआ और मन ही मन फुसफुसाई, "धन्यवाद, मुझे सही रास्ता दिखाने के लिए।" उसने अपनी पेंसिल को वापस बैग में रखा और संदूक को बंद कर दिया। वह समझ चुकी थी कि असली जादू उसके भीतर था, उसकी कल्पना में और उसकी समझ में। जादुई किताब सिर्फ एक ज़रिया थी जिसने उसे यह सिखाया कि जीवन की सबसे अच्छी कहानियाँ वे होती हैं जो हमें खुशी के साथ-साथ ज्ञान और अनुभव भी देती हैं।
उस दिन के बाद रिया ने कभी भी उस किताब को खोलने की कोशिश नहीं की। उसने अपनी कहानियाँ अपने दिमाग़ में लिखीं और अपनी असली दुनिया को बेहतर बनाने की कोशिश की। और यही उसकी सबसे बड़ी और सबसे जादुई कहानी बन गई।