होली के रंगों का रहस्य (बाल कहानी) : मनजीत शर्मा 'मीरा'
रंगपुर गाँव जो अपनी सादगी और आपसी भाईचारे के लिए जाना जाता था, की गलियों में मिट्टी की सोंधी खुशबू और खेतों की हरियाली बसी थी। गाँव का रंग-रूप ऐसा था मानो प्रकृति ने अपनी सबसे सुंदर रंगीन साड़ी बिछा दी हो जिस पर रंग-बिरंगे फूलों के गुच्छे सजे हों।
इसी गाँव में अबीर नाम का एक लड़का रहता था... नटखट और चंचल। नाम तो उसका अबीर था पर रंगों से उसे चिढ़ थी। होली का नाम सुनते ही वह घर की देहरी के भीतर छिप जाता। उसे लगता रंग उसके कपड़ों को, उसके साफ-सुथरेपन को बिगाड़कर रख देंगे। गुलाल उसके बालों को उलझा देगा। ढोल और नगाड़ों का शोर उसके मन की शाँति छीन लेगा। उसके कपड़ों पर हमेशा के लिए दाग पड़ जाएंगे जो उसे बिल्कुल अच्छे नहीं लगेंगे।
माँ हँसते हुए कहती, “अबीर, रंग तो खुशी का प्रतीक हैं! होली वर्ष भर में एक बार आती है ढेर सारी खुशियाँ लेकर। इस दिन सब लोग मिठाई बनाते हैं, गुजिया बनाते हैं और सबसे बड़ी बात मिल-जुलकर कर खाते हैं।” पर अबीर के लिए यह सब बेकार की बात थी। वो माँ की बात सुनता ज़रूर लेकिन होली की खुशियों से जुड़ नहीं पाता था। उसे याद आता जब वह पहली बार होली पर नानी के घर गया था तो पड़ोस के लड़कों ने उसे कीचड़ में गिरा दिया था। उसके कपड़े गंदे कर दिए थे। वह देर तक नहाता रहा था लेकिन कीचड़ था कि उतर ही नहीं रहा था। साफ-सफाई को लेकर वह जुनून की हद तक चिंतित रहता। जब भी होली नज़दीक आती तो उसे लगता कि वह कीचड़ उसके हाथ-पैरों पर, चेहरे पर एक ऐसे काले धब्बे की तरह फिर से लग गया है जो कभी नहीं मिटेगा। वह सपने में भी यही देखता कि हर तरफ कीचड़ है, गुलाल नहीं और कीचड़ के छींटे उस पर पड़ते जा रहे हैं।
विपरीत इसके रंगपुर में होली कोई साधारण पर्व नहीं था। गाँव का हर घर, हर गली, रंगों से सराबोर हो उठती। रंगपुर की गलियाँ, आँगन और यहाँ तक कि हवा भी रंगों से भर जाती थी। जंगल के जादुई फूलों से बने प्राकृतिक रंग इस उत्सव की शान थे। मगर अबीर फिर भी गाँव की होली का हिस्सा नहीं बनता था। उसे लगता था पता नहीं कब कोई उसे खींच कर कीचड़ में गिरा दे।
होली नज़दीक आती जा रही थी। परंतु इस बार जब मुखिया जी ने घोषणा की कि “इस साल होली नहीं होगी। जंगल के फूलों का रंग फीका पड़ गया है” तो गाँव पर उदासी की छाया पड़ गई। यह सुनकर बच्चों की आँखें डबडबा आईं और बड़ों के चेहरे मुरझा गए। अबीर, जो रंगों का नाम सुनकर भागता था, मन ही मन बहुत खुश हुआ। उसने सोचा, “चलो, इस बार रंगों से छुटकारा मिला।”
गाँव के सबसे बुजुर्ग और समझदार दादाजी ने बच्चों को बुलाया। उनकी आवाज़ में अनुभव का वजन था। “बच्चो...!” उन्होंने कहा, “ये फूल इसलिए मुरझाए हैं क्योंकि हमने प्रकृति की उपेक्षा की है। जब फूल रंग छोड़ देते हैं तो इसका मतलब है कि प्रकृति ने थोड़ा विरोध किया है। प्रकृति कुछ याद दिलाना चाहती है कि हमने पेड़ों को पानी नहीं दिया, मिट्टी को प्यार नहीं किया। फूलों का रंग लौटाने के लिए हमें प्रकृति से दोस्ती करनी होगी।” अबीर ने यह सुना तो उसे लगा यह बड़ों की बातें हैं जो बच्चों के बस की नहीं। "रंग और पानी का भला क्या संबंध? पानी तो सिर्फ पानी होता है जो धोने के काम आता है। और रंग सिर्फ रंग होता है जो कपड़ों पर दाग डालता है। प्रकृति से दोस्ती करने से रंग कैसे वापस आ जाएँगे?" उसे कुछ समझ नहीं आया और जब उसे यह सब बड़ों की बकवास लगी तो वह चुपके से घर लौट आया। उसे यकीन था कि रंग कभी वापस नहीं आएँगे और यह 'कीचड़ वाले दाग' वाली होली इस बार पक्का टल ही जाएगी।
दादाजी की बातों का गाँव के बच्चों पर गहरा असर हुआ, विशेषकर अबीर की सबसे प्रिय सहेली मीना पर। उसने मन ही मन यह संकल्प ले लिया कि वे सब मिलकर होली के इस पावन त्योहार के अस्तित्व को अवश्य बचाएंगे वरना कहीं ऐसा न हो कि आने वाले समय में होली सिर्फ एक याद बनकर रह जाए और वे कभी होली खेल ही न पाएँ।
मीना ने बड़ी आत्मीयता से अबीर को समझाते हुए कहा, “अबीर, ये रंग सिर्फ त्वचा पर लगाने के लिए नहीं होते, ये तो हमारी भावनाएं हैं। लाल रंग में गहरा प्यार है, हरे में खुशहाल जीवन और पीले रंग में दोस्ती की सच्ची उमंग छिपी होती है।” लेकिन अबीर ने अरुचि दिखाते हुए मुँह बनाया और लापरवाही से कंधे उचकाकर बोला, “मुझे इन सब किताबी बातों की कोई ज़रूरत नहीं है। मैं बिना रंगों के भी बिल्कुल ठीक हूँ।” उसने मीना की बात बीच में ही काटी और रूठकर अपनी खटिया पर लेट गया।
बच्चों ने जंगल को फिर से जीवंत करने के लिए दिन-रात मेहनत की। उन्होंने सूखी और बेजान टहनियों को हटाया, प्यासे पेड़ों की जड़ों को पानी से सींचा और बिखरी हुई फूलों की क्यारियों को करीने से सँवारा। इस कठिन परिश्रम में उनका कोई व्यक्तिगत स्वार्थ नहीं था, उनके भीतर तो बस अपने गाँव की होली और उसकी परंपरा को बचाने की एक तीव्र ललक थी।
अबीर अपने कमरे की बंद खिड़की की दरार से चुपचाप यह सब देख रहा था। पहली नज़र में तो उसे उन सबकी जी-तोड़ मेहनत बिल्कुल निरर्थक और बेकार लगी लेकिन थकावट के बाद भी उनके चेहरों की चमक ने उसे सोच में डाल दिया। वे सब थके हुए थे, पसीने से तर थे फिर भी उनकी आँखों में उम्मीद और उत्साह की सुनहरी किरणें नाच रही थीं।
एक रात जब बच्चे जंगल में काम कर रहे थे, मीना को एक अजीब-सी चीज़ दिखी। जंगल के बीचों-बीच, जहाँ जादुई फूल उगते थे, एक छोटा-सा तालाब था जिसका पानी चाँद की रोशनी में चमकता था। तालाब के बीच में एक फूल तैर रहा था जो बाकी फूलों से अलग था। उसकी पंखुड़ियों पर रंग नहीं थे बल्कि जैसे सितारे चमक रहे थे। मीना ने बच्चों को बुलाया। सभी हैरान होकर उस फूल को देखने लगे। तालाब के किनारे एक पुरानी चट्टान पर कुछ लिखा था जो अब तक किसी ने नहीं देखा था “जो दिल से प्रकृति को पुकारे, वही मेरा रंग देख पाए।”
मीना ने बच्चों को कहा, “यह फूल जंगल का राजा है। शायद यही हमें रंग लौटाएगा।” बच्चों ने तय किया कि वे सब तालाब की देखभाल करेंगे। उन्होंने तालाब के आसपास की गंदगी साफ की, पानी को साफ रखने के लिए पत्थरों का घेरा बनाया। अबीर, जो अब तक दूर खड़ा देख रहा था को यह सब अजीब लगा। उस रात वह चुपके से तालाब के पास गया। चाँदनी में वह फूल और ज्यादा चमक रहा था। अबीर ने खिड़की से बच्चों को पसीना बहाते देखा था, मीना की आँखों में त्योहार खोने का डर देखा था। उसे लगा कि उसका 'साफ़-सुथरा रहने वाला अहंकार' गाँव की खुशी से कहीं अधिक बड़ा हो गया है। अबीर ने हिम्मत करके तालाब के पानी को छुआ और अचानक उसे लगा जैसे पानी में कोई धुन बजी। उसने आँखें बंद कर लीं और मन ही मन जंगल से माफी माँगी। वह फुसफुसाया, "ओ जंगल! ओ फूल! मुझे माफ कर दो। मैंने तुम्हें सिर्फ रंग बनाने वाली चीज़ समझा। मैंने मीना को, दोस्तों की मेहनत को और दादाजी के ज्ञान को नज़रअंदाज़ किया। मैं सिर्फ अपने डर के गंदे दाग में उलझा रहा। मुझे माफ कर दो।"
अगली सुबह, जब बच्चे जंगल पहुँचे तो तालाब का वह फूल गायब था। लेकिन जंगल के सारे जादुई फूल फिर से रंगों से भर गए थे...लाल, हरा, पीला, जैसे सूरज और चाँद ने मिलकर उन्हें रंग दिया हो। बच्चों ने देखा कि तालाब के किनारे की चट्टान पर अब एक नया निशान उभरा था। एक छोटा-सा फूल, जिसके बीच में अबीर का नाम लिखा था। यह देखकर अबीर की आँखें भर आईं।
उसे समझ आ गया कि उसकी एक छोटी-सी माफी ने जंगल के दिल को छू लिया था।
अबीर का मन पछतावे से भर गया। उसे अपनी नासमझी पर शर्मिंदगी हुई। वह दौड़कर दादाजी के पास पहुँचा। “मैंने गलती की, दादा जी...!” उसने सिर झुकाकर कहा, “मैंने सिर्फ अपने बारे में सोचा और जंगल को भूल गया। फूलों को भूल गया। तालाब को भूल गया।” दादाजी ने उसका कंधा थपथपाया, प्यार से गले लगाया और बोले, “बेटा, गलती मान लेना ही इंसानियत है।”
इस बार की होली गाँव के लिए अनोखी थी। बच्चों ने उन जादुई फूलों से रंग बनाए। अबीर ने पहली बार होली खेलने का मन बनाया। जब मीना ने उसके गाल पर लाल गुलाल लगाया, अबीर को लगा यह रंग नहीं, दोस्ती और प्रकृति का आशीर्वाद है। उसने मीना को हरा गुलाल लगाया, जैसे कह रहा हो, “हमारी दोस्ती हमेशा हरी-भरी रहे।” गाँव की गलियों में रंग बिखरे, हँसी गूँजी और भाईचारे का माहौल छा गया।
रंगपुर का गाँव फिर से रंगों में डूब गया। अबीर ने देखा कि रंगपुर में कहीं भी कीचड़ नहीं था। बस फूलों के रंग थे जो सभी चेहरों को और भी सुंदर बना रहे थे। आज उसे पहली बार एहसास हुआ कि रंग सिर्फ चेहरों को ही नहीं बल्कि दिलों को भी रंगते हैं। प्रकृति का सम्मान, दोस्तों का साथ और एक छोटी-सी माफी का जादू। रंगपुर के रंगों का यही असली राज़ था।
अबीर, जो कभी रंगों से डरता था आज ख़ुद अबीर से सराबोर था। अब वह रंगों में अपनी खुशी और जंगल की खुशहाली तलाशने लगा था। वह समझ गया था कि होली की खुशी का रंग बाहर नहीं उसके भीतर ही था जिसे उसकी स्वयं की छोटी सोच ने अब तक दबा कर रखा हुआ था। उसे यह रहस्य भी समझ आ गया था कि होली का रंग कपड़े गंदे नहीं करता बल्कि मैले मन को साफ करता है।