छोटी सी मधुमक्खी की बड़ी खोज (बाल कहानी) : मनजीत शर्मा 'मीरा'

एक हरे-भरे बगीचे में जहाँ सुबह की ओस फूलों पर मोतियों-सी चमकती थी और हवा में मधुर सुगंध घुली रहती थी, एक छोटी-सी मधुमक्खी रहती थी जिसका नाम था मीता। मीता के पंखों पर सुनहरी धारियाँ थीं और आँखें जिज्ञासा से भरी हुईं। उसे फूलों का रस इकट्ठा करना सबसे बड़ा रोमाँच लगता था। हर रोज़ वह अपने छत्ते से निकलती, नए-नए फूलों की तलाश में उड़ान भरती और सोचती, "फूल धरती माँ के आभूषण हैं, उनका रस तो जीवन का अमृत है!" लेकिन मीता का दिल सिर्फ रस के लिए नहीं धड़कता था, वह प्रकृति के रहस्यों को भी जानना चाहती थी।

एक मखमली धूप भरी सुबह को छत्ते में मधुमक्खियों की सभा हो रही थी। एक बुजुर्ग मधुमक्खी ने बताया, "बगीचे के एक कोने में, पुराने बरगद के नीचे, एक दुर्लभ फूल खिलने वाला है। उसका रस इतना मीठा होता है कि स्वाद लेते ही सारी थकान मिट जाती है। उसकी खुशबू दूर-दूर तक फैलती है लेकिन पहुँचना आसान नहीं है। रास्ते में काँटे, हवा के झोंके और अनेकों खतरे हैं।" सुनकर मीता के पंख जोश से काँप उठे। जिज्ञासा ने उसके मन में आग जला दी। "मैं ढूँढ लूँगी!" उसने ठान लिया। दोस्तों ने चेतावनी दी, "मीता, तुम छोटी हो और खतरा बड़ा!" लेकिन मीता ने मुस्कुराकर कहा, "छोटा होना कमज़ोरी नहीं, हल्कापन है आसमान छूने का!" वह उड़ चली, अपने छोटे-से थैले में रस भरने को तैयार।

मीता की यात्रा रोमांचक थी। पहले वह लाल गुलाब के बगीचे में पहुँची। वहाँ काँटेदार झाड़ियाँ थीं लेकिन गुलाबों की लालिमा इतनी मोहक लगी कि मीता रुक गई। तभी एक भयंकर हादसा हुआ। एक काँटा उसके पंख में फँस गया! दर्द से चीख पड़ी मीता लेकिन हार भी नहीं मानी। उसने साहस से झटका देकर पंख हिलाया और पड़ोस की एक मधुमक्खी दोस्त मीरा को बुला लिया। मीरा ने मदद की और कहा, "मीता, खतरे में भी सीख है, सावधानी से उड़ो!" मीता ने थोड़ा गुलाब का रस चूसा...मीठा लेकिन तीखा। "आह! यह जुनून का रस है," उसने सोचा।

आगे बढ़ी तो जूही के बगीचे में पहुँची। सफेद जूही की पँखुड़ियाँ चाँदनी-सी चमक रही थीं लेकिन यहाँ भी एक नई चुनौती थी। तेज हवा का झोंका आया और मीता को बहा ले गया। वह पेड़ की डाल पर जा अटकी। थकान हुई तो उसने याद किया छत्ते की सीख को यानि "समूह की ताकत!" पास की मधुमक्खियों को चहचहाहट से बुलाया। वे दौड़ी चली आईं। सबने मिलकर एक घेरा बनाकर हवा का मुकाबला किया और मीता को बचाया। जूही का रस कोमल था। "यह शाँति और एकता का रस है," मीता ने महसूस किया।

हार न मानकर वह और ऊँचा उड़ी और एक छोटी पहाड़ी पर जा पहुँची। रास्ते में एक तितली मिली जो थकी हुई थी। मीता ने पूछा, "क्या हो गया?" तितली बोली, "भूख लगी है, रस नहीं मिल रहा।" मीता ने अपना आधा रस साँझा किया। दोस्ती का सबक लिया! तितली खुश होकर बोली, "तुम्हारा फूल बरगद के नीचे है लेकिन सावधान...! वहाँ मकड़ी का जाला है!" मीता सतर्क हो गई। पुराने बरगद के नीचे एक नीला-हल्का फूल खिल रहा था...नीलकमल जैसा लेकिन जंगली। उसकी पँखुड़ियाँ बारिश की बूँदों से नहाई हुई थीं। रस इतना शुद्ध और मीठा कि मीता को लगा, यही वह फूल है! लेकिन मकड़ी का जाला भी पास था। बरगद की पुरानी पत्तियाँ फुसफुसाकर उसे सावधानी का एहसास कराती रहीं।

मीता ने बरगद का शुक्रिया किया और चतुराई से उड़ी। जाले से बची, रस चखा और खुशी से चहक उठी.... वाह। लेकिन तभी खतरे की घंटी बजी। पहाड़ी पर घूम रही एक छोटी लड़की जिसका नाम था रानी ने वह फूल देख लिया। रानी के हाथों में टोकरी थी और आँखों में लालच। "कितना सुंदर फूल है! तोड़ लूँगी, घर सजा दूँगी!" बुदबुदाते हुए वह फूल की ओर बढ़ी।

मीता ने देखा तो दिल धक-धक करने लगा। मीता को लगा कि वह बरगद की सदियों पुरानी ठंडी छाँव को उदास कर रही है क्योंकि घने बरगद की छाँव तले ही तो वह नीलकमल जैसा हल्का नीला फूल खिल रहा था। साहस जुटाकर मीता उड़ी और रानी के हाथ पर हल्के से बैठ गई। जब मीता रानी के हाथ पर बैठी तो उसने काटा नहीं बल्कि अपने पंखों को एक खास लय में फड़फड़ाया और अपनी नन्ही जादुई आवाज़ में रानी के मन को छुआ। बच्चे बहुत मासूम होते हैं, वे प्रकृति की भाषा बहुत जल्दी समझ जाते हैं। रानी को ऐसा लगा जैसे कोई नन्हीं03 दोस्त सीधे उसके दिल से बात कर रही हो।

रानी ने जैसे ही फूल तोड़ने के लिए हाथ बढ़ाया वो चौंकी, "अरे, मधुमक्खी!" मीता ने अपनी छोटी-सी आवाज में कहा, "रानी दीदी, रुको! फूल तोड़ना मत। इसमें भी जान है, जैसे तुम में, जैसे हम में। यह हमें खुशी देता है, हवा साफ करता है, मक्खियों को घर देता है। अगर तोड़ोगी तो यह मुरझा जाएगा और बगीचा उदास हो जाएगा। बस इसे देखो, महसूस करो लेकिन छोड़ दो ताकि यह कल फिर खिल सके।"

रानी रुक गई। मीता की बात उसके नन्हें से मन में उतर गई। बच्चे सीखते हैं जब कोई दोस्ताना तरीके से सिखाए। रानी ने मुस्कुराकर कहा, "सॉरी, मीता दीदी। मैंने सोचा नहीं था। अब मैं फूलों को सिर्फ देखूँगी और कभी नहीं तोड़ूँगी। चलो, मैं तुम्हें फूल का रस लेने में मदद करूँ। जाला भी हटाती हूँ!"

मीता ने राहत की साँस ली। रानी ने जाला साफ किया, मीता ने फूल का थोड़ा-सा रस पिया। इतना मीठा कि लगा कि जैसे स्वर्ग का अमृत हो।

फिर वह छत्ते लौटी। छत्ते पहुँचकर मीता ने वह दुर्लभ रस सबसे पहले अपनी बुजुर्ग मधुमक्खी और पड़ोस की दोस्त मीरा के साथ साँझा किया। उसने तितली को भी धन्यवाद देने के लिए आमंत्रित किया। पूरे छत्ते ने यह जाना कि मीता सिर्फ एक मीठा रस नहीं लाई थी बल्कि अपने साथ साहस, सहयोग और इंसानों के साथ दोस्ती का एक अनमोल उपहार भी लाई थी। जब पूरा छत्ता मीता की तारीफ कर रहा था तो मीता ने भी गर्व से भरकर दोस्तों को बताया, "मैंने नया फूल ढूँढ लिया! लेकिन इस दौरान सबसे बड़ी खोज यह हुई कि प्रकृति का सम्मान करना ही असली मिठास है। रानी दीदी ने भी वादा किया है कि अब फूल सुरक्षित रहेंगे। वह उन्हें कभी नहीं तोड़ेगी।" सुनकर मधुमक्खियों का छत्ता खुशी से गूँज उठा।

रानी की सोच भी बदल गई। वह अब बगीचे में फूलों को पानी देती, तितलियों को रस देती और मीता को देखकर लहराती। मीता की खोज ने न सिर्फ रस दिया बल्कि दोस्ती, साहस और सीख का पुल भी बाँध दिया। बगीचा अब और जीवंत हो गया था।