बुद्धिमान कछुआ और शरारती बंदर (बाल कहानी) : मनजीत शर्मा 'मीरा'
सघन और सुंदर वृक्षों से घिरे एक हरे-भरे जंगल के ठीक बीच से दर्पण जैसी साफ, मीठी और शाँत नदी बहती थी। नदी के किनारे, मानो पूरे जंगल का सरताज बनकर, आम का एक विशाल, पुराना और घना पेड़ खड़ा था। इस पेड़ की घनी छाँव में पूरा जंगल विश्राम करता था लेकिन इसकी ऊँची और लचीली डालियों पर चीकू नाम का एक बेहद नटखट और घमंडी बंदर रहता था। चीकू को अपनी हवा से बातें करती फुर्ती, एक पेड़ से दूसरे पेड़ पर छलांग लगाने की कला और अपनी मजबूत पकड़ पर बहुत घमंड था। वह दिन भर शाखाओं को झकझोरता, कभी पके आम तोड़कर गिराता तो कभी आने-जाने वाले जीवों पर पत्तियाँ फेंककर उनका मज़ाक उड़ाता। उसके मन में यह बात घर कर चुकी थी कि इस पूरे जंगल में उससे ज़्यादा चतुर, तेज और शक्तिशाली और कोई जीव नहीं है।
उसी नदी के शीतल, पारदर्शी जल के भीतर धुनी नाम का एक बूढ़ा लेकिन अत्यंत बुद्धिमान कछुआ निवास करता था। धुनी का स्वभाव नदी के पानी की तरह ही शाँत, स्थिर और धीर-गंभीर था। उसकी पीठ पर जमी हरी काई इस बात की गवाही देती थी कि उसने जंगल के कई मौसम और बदलाव देखे हैं। वह वर्षों से नदी की हर गहराई, हर मोड़ और जंगल के छिपे हुए रहस्यों को अच्छी तरह जानता था। स्वभाव से धीमा होने के बावजूद धुनी अपनी सूझ-बूझ और दयालुता के लिए जाना जाता था और संकट के समय हमेशा दूसरों की निस्वार्थ मदद करने के लिए तत्पर रहता था।
चीकू बंदर को अक्सर धुनी कछुए की धीमी चाल का मज़ाक उड़ाने और उसे नीचा दिखाने में एक अजीब-सा आनंद मिलता था। जब भी उसका मन करता, वह टहनी से झूलकर धुनी के ठीक सामने ज़मीन पर छलाँग लगाता और घमंड में भरकर कहता, "अरे ओ बूढ़े कछुए! तुम इतनी मरी हुई चाल से क्यों चलते हो? क्या ऊपर वाले ने तुम्हारी पीठ पर पत्थरों का पहाड़ बाँध दिया है? और जरा अपना यह मटमैला खोल तो देखो! न कोई रूप, न कोई रंग... तुम भी क्या अजीब जीव हो!" धुनी कछुआ चीकू के इन कड़वे और तीखे बोलों को सुनकर भी मुस्कुरा देता और पूरी सहनशीलता के साथ चुप रहता।
एक दिन चीकू ने अपने दोस्तों के सामने अपनी झूठी बुद्धिमानी का ढोल पीटने की कोशिश की। वह सीना फुलाकर अपने बंदर साथियों से बोला, "सुनो दोस्तो! आज मैंने पता लगाया है कि जंगल के सबसे मीठे फल उत्तर दिशा में हैं, चलो वहीं चलते हैं।"
पास ही आराम कर रहे धुनी ने बहुत ही कोमल स्वर में उसे समझाते हुए कहा, "चीकू बेटा, तुम राह भटक सकते हो। उत्तर दिशा में केवल कंटीली झाड़ियाँ हैं। मीठे फलों का असली बाग तो पश्चिम दिशा में है, तुम्हें वहीं जाना चाहिए। मुझे यह बात मिट्ठू तोते ने कई बार बताई है।"
चीकू ने ज़ोरदार ठहाका लगाया और धुनी की बात को हवा में उड़ाते हुए बोला, "अरे बूढ़े! तुम्हारी उम्र हो गई है और तुम्हारा दिमाग सठिया गया है! तुम अपनी इस घिसटती चाल के साथ यहीं पड़े सड़ते रहो। हम फुर्तीले और चतुर जीवों को अपना रास्ता खुद ढूँढना आता है!"
यह कहकर चीकू तेजी से पेड़ की शाखाओं पर चढ़ गया। लेकिन तभी उसके दिमाग में एक और दुष्ट शरारत ने जन्म लिया। केवल अपनी ताकत का प्रदर्शन करने और धुनी को नीचा दिखाने के लिए वह नदी किनारे उतरा और उसने अपनी पूरी ताकत लगाकर एक बड़ा सा पत्थर उठाया और बिना सोचे-समझे सीधे नदी में धुनी की ओर उछाल दिया।
"छपाक!" की भारी आवाज़ के साथ वह पत्थर सीधा धुनी की ढाल जैसी पीठ पर जा लगा। चोट इतनी ज़बरदस्त थी कि धुनी दर्द से तड़प उठा और कराहते हुए किसी तरह किनारे की ओर खिसका। उसकी पीठ पर गहरी चोट आई थी।
चीकू को इस घिनौनी हरकत पर पछतावा होना तो दूर, वह बेदर्दी से हँसता हुआ अपने दोस्तों के साथ आगे बढ़ गया। धुनी नदी के किनारे अकेला पड़ा रहा और बिना किसी शिकायत के चुपचाप अपने शारीरिक दर्द और चीकू की क्रूरता को सहता रहा।
कुछ दिनों बाद चीकू के सिर पर अपनी ताकत और फुर्ती का प्रदर्शन करने का भूत फिर से सवार हो गया। उसने आम के विशाल पेड़ की सबसे ऊँची, पतली और कमज़ोर डाल पर एक रसीला, पका हुआ आम लटकते देखा। अपने साथी बंदरों को प्रभावित करने और खुद को सर्वश्रेष्ठ साबित करने की होड़ में चीकू ने बिना सोचे-समझे उस नाजुक डाल की ओर एक लंबी छलाँग लगा दी।
लेकिन जैसा कि कहते हैं कि अति-आत्मविश्वास और घमंड हमेशा विनाश की ओर ले जाता है, चीकू के पैर जमाते ही वह पतली टहनी "कड़-कड़" की तीव्र आवाज़ के साथ टूट गई। चीकू का संतुलन बिगड़ा और वह हवा में हाथ-पाँव मारता हुआ सीधे नीचे बहती हुई नदी के गहरे पानी में धड़ाम से जा गिरा!
विडंबना यह थी कि पेड़ों पर उड़ने जैसी छलाँग लगाने वाले चीकू को तैरने का 'त' भी नहीं आता था। पानी का तेज बहाव उसे अपने साथ बहाकर ले जाने लगा। वह बार-बार पानी में गोते खाने लगा और उसका घमंड भी पानी की लहरों में बहने लगा। वह जान बचाने के लिए घबराकर ज़ोर-ज़ोर से चिल्लाया, "बचाओ! कोई मुझे बचाओ! मैं डूब रहा हूँ... मुझे तैरना नहीं आता!"
चीकू की चीख-पुकार सुनकर नदी किनारे कई पशु-पक्षी इकट्ठा तो हुए लेकिन चीकू के घमंडी स्वभाव और उसकी आए दिन की शरारतों से तंग आ चुके जानवरों में से कोई भी आगे नहीं आया। कुछ जानवर पीछे हट गए तो कुछ डर के मारे दूर भाग गए। डूबते हुए चीकू को अब अपनी मौत सामने नज़र आने लगी थी।
नदी के गहरे पानी में डूबते चीकू की वह बेबस और दर्द भरी 'बचाओ! बचाओ!' की चीखें जब धुनी कछुए के कानों तक पहुँचीं, तो उसका करुणामयी हृदय तड़प उठा। धुनी अपनी पीठ पर लगी उस गहरी चोट का असह्य दर्द पल भर में भूल गया। उसने पुरानी सारी कड़वाहट और चीकू की दी हुई चोट को दरकिनार किया और बिना एक पल गँवाए नदी की तेज धाराओं को चीरते हुए चीकू की ओर तेजी से तैरना शुरू कर दिया।
चीकू डर से काँप रहा था और बार-बार पानी में गोते खा रहा था। धुनी उसके पास पहुँचा और आश्वस्त करने वाली आवाज़ में बोला, "घबराओ मत, चीकू! ढील मत छोड़ो, जल्दी से हिम्मत करके मेरी पीठ पर सवार हो जाओ। मैं तुम्हें किनारे तक सुरक्षित ले जाऊँगा!" चीकू ने अपनी विवशता और बहते आँसुओं के बीच धुनी की बात मानी और किसी तरह उसकी चौड़ी, चोटिल पीठ को मज़बूती से थाम लिया। धुनी ने अपनी समूची बची हुई ताकत समेटी और लहरों का मुकाबला करते हुए चीकू को नदी के सुरक्षित किनारे पर ले आया।
किनारे पर पहुँचते ही चीकू ने राहत की साँस ली। धुनी की पीठ पर एक गहरा घाव देखकर चीकू का कलेजा मुँह को आ गया। यह वही घाव था जो उसके फेंके गए पत्थर से लगा था। चीकू का घमंड पूरी तरह चकनाचूर हो चुका था। वह धुनी के पैरों में गिर पड़ा, उसकी आँखों से पछतावे के आँसू बह निकले और वह रोते हुए गिड़गिड़ाया, "धुनी दादा, मैं अपनी हर हरकत पर बेहद शर्मिंदा हूँ! मैं हमेशा तुम्हारी धीमी चाल और रूप का मज़ाक उड़ाता था, मैंने तुम्हें इतना दर्द दिया... फिर भी तुमने अपनी जान जोखिम में डालकर मुझे मौत के मुँह से निकाल लिया! आज मुझे समझ आ गया कि शारीरिक बल या फुर्ती से बड़ी ताकत 'करुणा और दयालुता' होती है। मुझे माफ कर दो, दादा!"
धुनी ने मुस्कुराते हुए कहा, "दोस्त, तुमने शायद खरगोश और कछुए वाली कहानी नहीं पढ़ी...? किसी की धीमी चाल या उसके बाहरी दिखावे से उसका अंदाज़ा नहीं लगाना चाहिए। सबकी अपनी-अपनी खासियत होती है। और हाँ, दयालुता का स्वभाव ही यह है कि वह पुरानी बातों को भूलकर मदद करती है। याद रखना, जब मुसीबत आती है तो ज्ञान और अच्छा व्यवहार ही काम आता है न कि केवल शोर, शरारत और फुर्ती।" सुनकर चीकू बहुत शर्मिंदा हुआ।
उस दिन के बाद से चीकू ने किसी को भी तंग करना छोड़ दिया और वह धुनी का सबसे अच्छा दोस्त बन गया। चीकू ने धुनी से मिलकर यह सीखा कि शरारत करने का अर्थ किसी का दिल दुखाना नहीं होता। और मुसीबत में आपका व्यवहार और दयालुता ही काम आती है।