बूढ़ी माँ की आशा (बाल कहानी) : मनजीत शर्मा 'मीरा'

उस गाँव का नाम था रामपुर। कोई बहुत बड़ा गाँव नहीं था, बस कुछ कच्चे-पक्के मकानों का झुंड, जिसके बीच से एक पतली सी पगडंडी सर्प की भाँति बल खाती हुई खेतों की ओर जाती थी। रामपुर की सुबहें भी और गाँवों की तरह ही हुआ करती थीं‌। बैलों की घंटियों की टुनटुनाहट, चूल्हे से निकलता धुआँ और बच्चों का किलकारी मारता मधुर शोर। लेकिन इस शोर के बीच भी एक अजीब सी खामोशी पसरी रहती थी, खासकर उन घरों में जहाँ सिर्फ पेट भरने की जुगत ही ज़िंदगी का सार बन चुकी थी।

ऐसे ही एक घर में रहती थी जमुना, एक बूढ़ी माँ जिसकी कमर उम्र के बोझ तले झुक चुकी थी और उसकी पोती, राधा जो अभी सोलह बसंत ही देख पाई थी। राधा का ब्याह करने की उम्र हो चली थी परन्तु घर में खाने को अन्न के दाने ही कम पड़ जाते थे तो ब्याह की बात कहाँ से आती? जमुना का बेटा, राधा का बाप, दो साल पहले ही शहर कमाने गया था और फिर लौटकर नहीं आया। चिट्ठी-पत्री का तो सवाल ही नहीं था। गाँव में कौन चिट्ठी लिखता और कौन पढ़ता?

उनकी ज़िंदगी में एक और सदस्य था...धन्नो, एक दुबली-पतली बकरी, जिसके शरीर पर कुछ भूरे और कुछ सफ़ेद धब्बे थे। धन्नो सिर्फ एक बकरी नहीं थी, वह उनके घर की इज़्ज़त थी, उनकी उम्मीद थी, उनकी जमा-पूँजी थी। जमुना ने उसे छोटे से पाला था, अपनी बेटी की तरह। धन्नो रोज़ एक सेर दूध देती थी, जिसे बेचकर राधा और जमुना का गुज़ारा चलता था। कभी-कभी तो उसी दूध में पानी मिलाकर वो लोग खुद भी पी लेते थे ताकि पेट की आग शाँत हो सके।

राधा का सारा दिन धन्नो की सेवा में बीतता। उसे चराना, नहलाना, उसके लिए पत्तियाँ तोड़ना। यह सब राधा का ही काम था। राधा धन्नो से ऐसे बात करती थी जैसे वो उसकी सहेली हो। “अरी धन्नो, आज तू कम खाई है? क्या हुआ, तबीयत ठीक नहीं है का?” या “देख धन्नो, आज बाजार से गुड़ लाई हूँ तेरे लिए, खा ले।” धन्नो भी राधा की आवाज़ पहचानती थी। उसकी पुकार पर सिर उठाकर देखती और पूँछ हिला देती।

एक दिन गाँव में अकाल जैसी स्थिति आ गई। बारिश नहीं हुई थी और खेतों में दरारें पड़ गई थीं। जहाँ-तहाँ घास का एक पत्ता भी नज़र नहीं आता था। धन्नो को चराने के लिए राधा को अब दूर-दूर तक जाना पड़ता। कभी-कभी तो गाँव के बाहर वाले टीले तक भी पहुँच जाती, जहाँ थोड़ी बहुत हरियाली बची थी।

जमुना की चिंता बढ़ती जा रही थी। धन्नो का दूध कम होने लगा था। अब एक सेर की जगह आधा सेर भी मुश्किल से निकल पाता। “राधा, धन्नो को कुछ खिला-पिला, उसका दूध कम हो रहा है,” जमुना ने एक शाम राधा से कहा।

राधा का चेहरा उतर गया। “माँ, कहाँ से लाऊँ? गाँव में कहीं घास नहीं बची। दूर-दूर तक जाती हूँ पर कुछ मिलता ही नहीं।”

“तो क्या हम भूखे मरेंगे? धन्नो ही तो हमारी आस है,” जमुना की आवाज़ में डर था।

एक दिन गाँव का साहूकार, लाला दीनदयाल, जमुना के घर आया। लाला दीनदयाल की मोटी तोंद और उसकी आँखों में हमेशा पैसे की चमक रहती थी। उसने गाँव के अधिकतर लोगों को कर्ज़ दे रखा था और अब ब्याज पर ब्याज लगाकर उन्हें निचोड़ रहा था।

“अरी जमुना, सुना है तेरी बकरी दूध कम दे रही है?” लाला दीनदयाल ने मुँह बनाते हुए कहा।

जमुना सिहर गई। “हाँ लाला, क्या करें, दाना-पानी नहीं मिल रहा।”

“तो बेच दे उसे। मैं खरीद लूँगा। तेरे पैसे भी मिल जाएँगे और चिंता भी खत्म हो जाएगी।” लाला ने अपनी बात में मिठास घोलने की कोशिश की पर जमुना जानती थी कि इस मिठास के पीछे कितनी कड़वाहट छिपी है।

“नहीं लाला, धन्नो को कैसे बेच दूँ? वो तो हमारे घर की लक्ष्मी है।” जमुना ने गिड़गिड़ाते हुए कहा।

“लक्ष्मी है...? हाँ, दिख रही है तेरी लक्ष्मी। दो दिन बाद दूध देना बंद कर देगी तो कहाँ से पैसा लाएगी? देख, मैं तुझसे पाँच हज़ार रुपये में खरीदूँगा। अभी दे दूँगा पैसे...” लाला ने चाल चली।

पाँच हज़ार रुपये! जमुना को लगा जैसे किसी ने उसके कान में अमृत घोल दिया हो। इतने पैसे तो उसने अपनी ज़िंदगी में एक साथ कभी देखे भी नहीं थे। राधा की शादी, घर का राशन, सब कुछ आसान हो सकता था। पर धन्नो! धन्नो को कैसे बेचे? उसकी आँखें नम हो गईं।

“नहीं लाला, धन्नो को नहीं बेच सकती।” जमुना ने दृढ़ता से कहा, चाहे उसके मन में कितनी ही उथल-पुथल क्यों न मची हो।

लाला दीनदयाल झल्ला कर चला गया।

राधा ने सब सुन लिया था। रात को जब जमुना सो गई, तो राधा धन्नो के पास गई और उसे गले लगा लिया। धन्नो ने प्यार से राधा का हाथ चाटा। राधा की आँखों से आँसू बहने लगे। “धन्नो, तू हमारी ज़िंदगी है। तुझे कैसे बेच सकते हैं?” वह बुदबुदाई।

अगले दिन राधा धन्नो को लेकर बहुत दूर निकल गई। उस पहाड़ी की ओर जहाँ लोग कम ही जाते थे। वहाँ उसे थोड़ी बहुत घास मिल गई। धन्नो ने जी भर के घास खाई और राधा के चेहरे पर हल्की सी मुस्कान आ गई।

लेकिन यह खुशी ज़्यादा देर तक नहीं टिकी। शाम को जब वे लौट रहे थे तो राधा ने देखा कि धन्नो लंगड़ा रही है। उसके पैर में एक काँटा चुभ गया था। राधा ने काँटा निकाला पर धन्नो अब चल नहीं पा रही थी। राधा उसे गोदी में उठाकर चलने लगी पर धन्नो भारी थी और राधा इतनी मजबूत नहीं। गाँव अभी दूर था। अँधेरा घिरने लगा था।

राधा ने धन्नो को वहीं लिटा दिया और उसे सहलाने लगी। “धन्नो, क्या हुआ तुझे? चल, घर चल।” पर धन्नो दर्द से कराह रही थी।

जमुना घर पर राधा का इंतज़ार कर रही थी। जब काफी देर हो गई और राधा नहीं लौटी, तो उसकी जान हलक में आ गई। उसने लाठी उठाई और लंगड़ाती हुई गाँव के बाहर निकल गई।

रात के सन्नाटे में जमुना को राधा की आवाज़ सुनाई दी, “माँ! धन्नो...!”

जमुना आवाज़ की दिशा में भागी। उसने देखा, धन्नो ज़मीन पर लेटी हुई थी और दर्द से तड़प रही थी।

“क्या हुआ राधा?” जमुना ने दूर से ही घबराकर पूछा।

राधा ने रोते हुए सारी बात बताई। जमुना ने धन्नो को छुआ, उसका पैर सूज गया था। “अरे मेरी बच्ची! ये तो बहुत चोट लगी है।”

दोनों माँ-बेटी वहीं रात भर धन्नो के पास बैठी रहीं। सुबह तक धन्नो की हालत और खराब हो गई। उसने दूध देना बिलकुल बंद कर दिया था।

अब जमुना के पास कोई चारा नहीं था। उसने राधा से कहा, “राधा, अब धन्नो को बेचना ही पड़ेगा। ऐसे भी ये अब ज़िंदा नहीं बचेगी। कम से कम इसके बदले कुछ पैसा तो मिल जाएगा।”

राधा का दिल बैठ गया। उसकी धन्नो! जिससे वह इतना प्यार करती थी, उसे बेचना पड़ेगा? पर जमुना की बात में सच्चाई थी। धन्नो दर्द से कराह रही थी। उसे इस तरह तड़पता देख राधा भी दुखी हो रही थी।

जमुना लाला दीनदयाल के पास गई। “लाला, मैं धन्नो को बेचने आई हूँ।” उसकी आवाज़ में एक अजीब सी उदासी थी।

लाला दीनदयाल मुस्कुराया। “मैंने कहा था ना! आखिर तूने मान ही लिया। पर अब वो बीमार है, मैं सिर्फ एक हज़ार रुपये ही दूँगा।”

जमुना को लगा जैसे किसी ने उसके पेट में छुरा घोंप दिया हो। एक हज़ार रुपये! जहाँ पाँच हज़ार का वादा था, अब सिर्फ एक हज़ार! पर उसकी मज़बूरी थी। उसने लाला को धन्नो के पास बुलाया।

लाला ने धन्नो को देखा और पैसे निकालकर जमुना को पकड़ा दिए। “ले, गिन ले।”

जमुना ने पैसे लिए और बिना कुछ कहे राधा के पास लौट आई। राधा ने देखा, उसकी माँ की आँखों में आँसू थे। उसने लाला को धन्नो को ले जाते हुए देखा तो उसका दिल टुकड़े-टुकड़े हो गया। अपनी प्रिय धन्नो को जाते हुए देख वह सिसक-सिसक कर रोने लगी।

लेकिन कहानी यहाँ खत्म नहीं होती। कुछ दिनों बाद गाँव में एक नई ख़बर फैली। लाला दीनदयाल की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। उसके पेट में ऐसा दर्द उठा कि डॉक्टर-हकीम किसी को समझ नहीं आ रहा था क्या हुआ। गाँव में कानाफूसी होने लगी कि ये धन्नो का श्राप है। उसने एक बेजुबान जानवर को उसकी बीमारी की हालत में खरीदा था। अब न धन्नो रही ना लाला।

जमुना और राधा ने भी यह बात सुनी। उन्हें दुःख तो बहुत हुआ पर एक अजीब सा संतोष भी मिला यह सोचकर कि धन्नो की आत्मा को शाँति मिली होगी, शायद।

एक महीने बाद, जब गाँव में बारिश हुई और धरती फिर से हरी-भरी हुई, तो जमुना और राधा ने दो हज़ार रुपयों से एक नई बकरी खरीदी। इस बार राधा ने उसका नाम रखा “आशा”। आशा स्वस्थ और मज़बूत थी और कुछ ही समय में दूध देने लगी।

जमुना और राधा को यह बात समझ आ गई थी कि ज़िंदगी में आशा कभी नहीं छोड़नी चाहिए। एक चीज़ के जाने से सब कुछ खत्म नहीं हो जाता। धन्नो तो चली गई थी पर उसने उन्हें एक सीख दी थी कि चाहे कितनी भी मुश्किल हो, इंसान को हिम्मत नहीं हारनी चाहिए। और शायद उसी सीख के कारण, उनकी ज़िंदगी में धन्नो फिर से लौट आई थी...आशा के रूप में। गाँव में अब भी गरीबी थी परन्तु जमुना और राधा के चेहरे पर एक चमक थी, एक नई उम्मीद की चमक।