Shaheen Bagh Ki Mahilayen : Asghar Wajahat

शाहीन बाग़ की महिलाएं : असग़र वजाहत

पुलिस – आप लोग प्रदर्शन मत कीजिए । यहां से चले जाइए। धारा 144 लगी है। कानून का पालन कीजिए।
शाहीन बाग़ की महिलाएं- जनाब, अगर हमेशां, हर कानून को माना गया होता तो आज हमारा मुल्क गुलाम होता।
पुलिस – ये क्या कह रही हो तुम लोग ?

शाहीन बाग़ की महिलाएं- अंग्रेज़ सरकार भी यही कहती थी कि कानून का पालन करो। उस वक़्त महात्मा गांधी, दूसरे नेताओं और जनता ने अगर कानून का पालन किया होता तो हमें आज़ादी न मिलती।
पुलिस- अंग्रेजों की सरकार और हमारी सरकार में अंतर है। तब देश गुलाम था लेकिन आज देश आज़ाद है। देश में लोकतंत्र है।

शाहीन बाग़ की महिलाएं- डेमोक्रेसी है तो आज भी देश में वही कानून क्यों चल रहा है जो अंग्रेजों की सरकार में था? आज़ाद मुल्क में गुलाम देश का कानून नहीं चल सकता। इसलिए हम कहीं नहीं जाएंगे।