Luigi Pirandello
लुइजी पिरांडेलो (लुइगी पिरांदेलो)
लुइजी पिरांडेलो (११८६७-१९३६) इटली के कथाकार एवं नाटककार थे। १९३४ ई० में इन्हें साहित्य में नोबेल पुरस्कार मिला। लुइजी पिरांडेलो का जन्म सिसली में गिरीगेण्टी के निकटवर्ती एक गाँव में हुआ था। ९ वर्ष की अवस्था में वे रोम गये और १८९१ तक वहीं पढ़ते रहे। १८९१ ई० में वे जर्मनी गये और वहाँ के बॉन विश्वविद्यालय से तत्वज्ञान की डिग्री प्राप्त की। जर्मनी से वापस आकर पहले-पहल उन्होंने रोम में कन्या पाठशाला के अध्यापक के रूप में काम किया और १९२३ तक वहीं कार्यरत रहे। पिरांडेलो के पिता गंधक की खान के मालिक थे, परंतु १९०३ ई० में बाढ़ से खान बर्बाद हो गयी और उसी के बाद से वे लेखन और अध्यापन कार्य में लगे। इसके अगले साल एक और भयंकर हादसा हुआ और उनकी पत्नी को हिस्टीरिया के दौरे पड़ने लगे और वे दौरे के समय पिरांडेलो पर बहुत बुरी तरह बरसने लगती थीं। अंततः विवश होकर उन्हें पागलखाने में दाखिल करवाना पड़ा। इन आर्थिक और पारिवारिक परेशानियों के बावजूद वे लेखन और प्रकाशन कार्य करते रहे।
इन्होंने मुसोलिनी से आर्थिक सहायता लेकर नेशनल आर्ट थियेटर ऑफ रोम की स्थापना की थी। लंदन और न्यूयॉर्क में इनके नाटकों के मंचन से प्रसिद्धि फैली और इन्हें पुरस्कार प्राप्त हुआ।
रचनात्मक परिचय: लुइगी पिरांदेलो ने १६ वर्ष की अल्पावस्था में ही काव्य-लेखन आरंभ कर दिया था। बाद में वे गद्य की ओर मुड़ गये। उनकी रचनाओं में स्थानीय रंग को, जिसका मुख्य संबंध सिसली से है, प्रधानता मिली है; परंतु बाद में इन्होंने मनोवैज्ञानिक रचनाएँ लिखना आरंभ कर दिया, जिसका कारण इनका खुद का जीवन था, जिसमें बहुत सी अप्रिय घटनाएँ घटने लगी थीं—इनके पिता का दिवालिया होना, पत्नी का पागलपन, पुत्रों का युद्ध में जाना, पुत्री की आत्महत्या की कोशिश और गरीबी। पिरांडेलो ने कहानियाँ और उपन्यास भी लिखे हैं, परंतु उन्हें विशेष ख्याति अपने नाटकों के लिए मिली, जिनमें उन्होंने अनेक प्रयोग किए हैं और अपने द्वीप की स्थानीय भाषा और प्रवृत्तियों को बहुत स्पष्ट स्वर दिया है। 'सिक्स कैरेक्टर्स इन सर्च ऑफ एन ऑथर' उनका अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त नाटक है। उनके लेखन में जीवन की विषम परिस्थितियों और मनुष्य के दुःख का बेहद मार्मिक चित्रण हुआ है। उनमें मानव-मनोविज्ञान को समझने की गहरी अंतर्दृष्टि थी। वे मनुष्य के समूचे जीवन को एक गहन अव्यवस्था मानते थे और कला को इस अव्यवस्था को आकार देने वाला माध्यम।
प्रकाशित पुस्तकें:
कहानी संग्रह: लव्स विदाउट लव - १८९४, द आउटकास्ट - १८९४
नाटक: सिक्स करैक्टर्स इन सर्च ऑफ एन ऑथर - १९२१, तीन नाटक, तीन और नाटक
उपन्यास: लिसलुसा - १८९४, द लेट मटिया पास्कल, शूट, पुराना और नया