जेम्स ऑगस्टीन अलॉयसियस जॉयस (2 फरवरी 1882 - 13 जनवरी 1941) आयरिश उपन्यासकार, कहानीकार, कवि, शिक्षक और साहित्यिक आलोचक थे। उन्होंने आधुनिकतावादी अवंत-गार्डे आंदोलन में हिस्सा लिया और उन्हें 20वीं शताब्दी के सबसे प्रभावशाली और महत्वपूर्ण लेखकों में से एक माना जाता है। जॉयस को 'यूलिसिस' (1922) के लिए सबसे अधिक जाना जाता है, जो एक ऐतिहासिक कृति है जिसमें होमर की 'ओडिसी' के एपिसोड विभिन्न प्रकार की साहित्यिक शैलियों में दर्ज हैं, जो चेतना की धारा (stream of consciousness) का सबसे प्रसिद्ध उदाहरण है। अन्य मशहूर रचनाएँ लघु-कथा संग्रह 'डबलिनर्स' (1914), और उपन्यास 'ए पोर्ट्रेट ऑफ़ द आर्टिस्ट एज़ ए यंग मैन' (1916) तथा 'फिननेगन्स वेक' (1939) हैं। उनकी अन्य रचनाओं में कविता की तीन पुस्तकें, एक नाटक, उनके प्रकाशित पत्र और सामयिक पत्रकारिता शामिल हैं।