रसिक जी की रचनावली: छपने से लुटने तक! (व्यंग्य रचना) : डॉ. मुकेश गर्ग ‘असीमित’

एक सरकारी शिक्षक, पूर्णकालिक शिक्षक और साथ में आशुकालिक कवि भी। सेवानिवृत्त हुए तो पूर्णकालिक कवि बन गए। सेवानिवृत्ति के बाद जीवन में ठहराव आ चुका था, पर कवि हृदय रसिक जी को कहाँ चैन था? प्रोविडेंट फंड की रकम गुड़ की तरह होती है—रिटायर होते ही कई मक्खियाँ भिनभिनाने लगती हैं… बेटी भात जामने के लिए, बेटा शहर में मकान के लिए, बीवी की दसियों साल से अधूरी चारधाम यात्रा… लेकिन अगर आप कवि भी हैं, तो एक खास तरह की "मक्खी" आजकल प्रकाशक रूपी बनकर भी मंडराने लगती है।

दोस्तों, रिश्तेदारों और साहित्यप्रेमियों की ‘कीट-पतंगों’ जैसी सलाहों ने कान भर दिए—

“अरे रसिक जी! इतना लिखते हो, छपते हो, अब तो अपनी किताब निकालो!”

किताब छपवाने के लाभों की झड़ी लगा दी गई—

“देखो, कोर्स की किताबों में लग जाएगी, देश-विदेश की लाइब्रेरियों में पहुँचेगी, सम्मान झोली में दनादन गिरने लगेंगे!”

किसी ने और ललचाया—

“रॉयल्टी का मालामाल खजाना तुम्हारा इंतज़ार कर रहा है!”
भाई साहब, डबल पेंशन शुरू हो जाएगी, यूँ समझिए! सरकारी पेंशन तो जब तक आप जिंदा हैं, तब तक है। अब तो वैसे भी सरकार ने OPS NPS का लफडा कर रखा है… ऐसा घनचक्कर बनाया है कि भगवान ही मालिक! लेकिन रॉयल्टी तो साहब, अगली सात पीढ़ियों के लिए इंतज़ाम कर देगी! दो-चार शोधार्थी भी निकल आएँगे, जो शोध पत्र छाप देंगे। कुल मिलाकर इतिहास में नाम स्वर्णाक्षरों में दर्ज हो जाने का खेल है जी!

बस, फिर क्या था! रसिक जी झाड़ पर चढ़ गए!
साहित्य की दुनिया में अमर होने का सपना पाल बैठे।

रसिक जी की आँखों में सपने लहलहा उठे। प्रेमचंद की आत्मा जैसे उनके भीतर उतर आई। रात में सपनों का नशा और गाढ़ा हो गया—

कहीं कोई बड़ा मंच सजा था, हजारों साहित्यप्रेमी तालियाँ बजा रहे थे, रसिक जी का नाम गूंज रहा था—

“रसिक लाल जी की जय हो!”

वे मंच पर खड़े थे, हाथ हिला रहे थे, भीड़ का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे। प्रकाशकों की भीड़ उनके पास दौड़ी चली आ रही थी—

“सर! हमें आपकी ‘रचनावली’ छापने का सौभाग्य दीजिए!”

बस, फिर क्या था? पांडुलिपि लेकर निकल पड़े!

अब तो रिटायरमेंट के बाद और कोई काम ही क्या है!

घर पर श्रीमती जी वैसे ही दिनभर उन्हें अपने बच्चों से लड़ते-झगड़ते देख भुनभुनाया करती थीं—
“कुछ तो देखो! यहाँ भी ‘मास्टरी ’ झाड़ रहे होते हैं… ये तुम्हारे स्कूल के बच्चे नहीं हैं, कुछ तो समझो!” लेकिन रसिक जी को तो अब साहित्यिक अमरत्व का नशा था। कुछ स्वनामधन्य प्रकाशकों के पते मालूम चले, बस सुबह होते ही निकल पड़ते—पांडुलिपि दबाए, प्रकाशकों के घर-दफ्तर चक्कर काटने।

लेकिन प्रकाशक भी अपनी मजबूरी लेकर बैठे थे—
“हमारे पास अपनी किताबें छापने का ही बैकलॉग है!”
“अगले साल देखेंगे!”

“रॉयल्टी? हा हा! किस जमाने की बात कर रहे हैं!” धीरे-धीरे रसिक जी निराश होने लगे।
सपने धराशायी होने लगे…
अब क्या करें? ��

इसी ऊहापोह में एक दिन बैठे थे। गुडमुड से दूर से देखो तो गुड़ की ढेली ही लग रहे थे... मक्खियाँ भिनभिना रही थीं नाक पर... आ पहुँचे ये प्रकाशक महोदय, रसिक जी की ज़िंदगी में एक अदनी सी मक्खी बनकर—

“रसिक जी, सुना है किताब छपवाने जा रहे हैं?”

“अरे, आप जानते नहीं, प्रकाशकों के हाल! आप भी न, बगल में छोरा गाँव में हेरा... बताइए, सभी के यहाँ चक्कर लगा लिए, हमसे एक बार भी नहीं पूछा!”

रसिक लाल जी शर्म से गड़े जा रहे थे। उनकी सूखी आशा का खेत जैसे फिर लहलहाने लगा।

प्रकाशक आत्मविश्वास से लबरेज—
“आप छोड़िए बाकी सबको, हम छापेंगे आपकी किताब, और वो भी रचनावली!”

रसिक जी चौंक गए—
“रचनावली? लेकिन मेरी तो इतनी रचनाएँ भी नहीं हैं कि दो-चार खंडों का संकलन बन जाए!”

प्रकाशक ने ठहाका लगाया—
“एक ही किताब छपेगी, पर नाम रचनावली ही रखेंगे! यही तो ट्रेंड है आजकल! जीते-जी कवि का श्राद्ध कर दो... बाद में पता नहीं कोई करे या नहीं।”

रसिक जी की आँखें चमक गईं।
“बस, आपको 300 किताबें छपवानी होंगी!”
“300?”
“हाँ! इससे कम नहीं छपती हमारे यहाँ।”
“इतनी बिक जाएँगी क्या?”

प्रकाशक ने आगे समझाया—
“अरे, घबरा गए? हमारी पहुँच हर जगह है—संस्थानों, ग्रंथालयों, देश-विदेश तक! देखना, दस दिन में दूसरा संस्करण छापना पड़ेगा!”
“पहले पांडुलिपि तो देख लें आप?”
“देखना क्या है, बस दे दीजिए!”
“अच्छा, खर्चा कितना आएगा?”
“अरे, आपसे कुछ नहीं लेंगे! बस... प्रिंटिंग कॉस्ट आप देंगे। और हाँ, रॉयल्टी भी मिलेगी—दूसरे संस्करण से!”
“तो पहले संस्करण में?”
“पहला तो बस आपके नाम और पहचान के लिए है! एक बार आपको जमाना भले तो है न...”

प्रकाशक महोदय जी अपनी तरह से कूड-मोड़ने लगे।

आशाओं के नाविक बनकर आगे बढ़ रहे थे, लेखक की पतवार भी उन्हीं के हाथों में थी।
समुद्र मंथन शुरू हो चुका था...

“दूसरे संस्करण से तो यूँ समझिए कि... आपकी पेंशन पक्की! रसिक जी, अब 300 किताबों की छपाई कराइए, बाकी तो हम देख लेंगे!”

रसिक जी सोच में पड़ गए...
“अरे, क्या सोच रहे हैं? हर किसी की किताब नहीं छापते हम! आप हमारे ही शहर के हैं न, इसलिए... फिर हम हैं न? देखना, दस दिन में सारी किताबें बिकवा देंगे। लेखकों की प्रतियाँ भी मिलेंगी और बोनस भी मिलेगा।”
...और उन्होंने किताबें छपवा लीं।

जैसे ही किताबें छपीं, एक दिन रसिक जी के पास एक बोरा पहुँचा।

₹1200 बिल्टी का देकर बोरा खोला... किताबें देखकर उछल पड़े—
“अरे, ये सब यहाँ क्यों भेज दिया?”
साथ में एक बिल भी था— ₹90,000 का। अब उन्होंने श्रीमती जी को समझाया और बड़ी मुश्किल से ₹1.25 लाख अपने प्रोविडेंट फंड में से निकाले, इससे पहले कि प्रोविडेंट फण्ड की रकम सरकारी ऍफ़ डी की दीवार में चिन जाए ।

उन्होंने तुरंत प्रकाशक को फोन किया। दो दिन तक फोन नहीं उठा, तीसरे दिन फ़ोन उठाते ही बिखर पड़े —
“आपने किताबें यहाँ क्यों भेजीं? बिल तो मैं भुगतान कर दूँगा... ये आपके यहाँ ही बिकेंगी न?”

प्रकाशक भी तमतमा गए —
“क्या? अरे ये आपकी किताबें हैं, मुझे तो पहुँचानी होंगी न ? फिर पहले संस्करण को तो आप थोड़ा बाँटिए, थोड़ा बेचिए?”

रसिक जी बिफर पड़े—
“क्या? आप मुझे ही बेचने को कह रहे हैं?”

प्रकाशक बोले—
“रसिक जी, आपने सिर्फ लिखा है... आजकल किताब बेचना टेढ़ी खीर है। ऑनलाइन सेलिंग अकाउंट भी मेरा ब्लॉक हो गया। पुस्तक मेले में स्टाल भी नहीं लगाते... आपको तो पता है, पाठकों का टोटा है हर जगह... लेकिन आप चिंता न करें, पहले संस्करण को बांटने के लिए ही तो छापा जाता है! एक बार लोग जान जाएँगे, फिर अगली बार बिकेगी। अगला संस्करण हम निकाल ही देंगे, आपसे एक पैसा लें तो आप कहना।” रसिक जी हताश हो गए। आँखों के आगे अंधेरा सा छा गया।

अब प्रकाशक के सामने गिड़गिड़ाने लगे—
“देखिए, बड़ी मुश्किल से श्रीमती जी और बच्चों को विश्वास दिलाकर पैसे निकाल पाया कि किताबें बिक जाएँगी...! आप इन्हें कहीं बिकवाने की व्यवस्था करेंगे न?”

प्रकाशक थोड़ा दार्शनिक हो गया—
“रसिक जी, किताबें खुद बिकती हैं, न तो प्रकाशक न लेखक... जनाब, पाठक खुद चलकर आता है किताबों के पास... आप धैर्य रखें।”

रसिक जी गिड़गिड़ाते रहे—
“कम से कम 200 किताबें तो बिकवा दीजिए! 100 मैं बंटवा दूंगा।”

प्रकाशक ने दूसरा पैंतरा फेंका—
“देखिए, एक अच्छा काम कीजिए— विमोचन करवाइए! और हाँ, एक बड़ा बैनर भी लगवाइए, जिससे हमारा नाम चमके।”

“वहाँ बुक की स्टाल लगा देना...”

रसिक जी को यह आइडिया पसंद आया, लेकिन मन में खटका रहा—
“आखिर स्टाल पर कौन बैठेगा?”

प्रकाशक ने मुस्कुराते हुए कहा—
“आपके ही आदमी को बैठना पड़ेगा। किताबें आपकी हैं, रसीद हमारी होगी, और लाभ दोनों को मिलेगा!”

रसिक जी विमोचन के खर्च का आकलन करने लगे। 30 हजार रुपये— बड़ी मुश्किल से श्रीमती जी ने हामी भरी—
“बस, आखिरी बार!”

कार्यक्रम में शानदार स्टॉल सजाया गया।

"700 रुपये की बुक पर 200 का डिस्काउंट देने का वायदा बड़े अक्षरों में लिखवा दिया रसिक जी ने सोचा—अगर 300 में से 200 किताबें बिक जाएँ, तो पैसे निकल आएँगे।" रसिक जी अपनी इस अर्थपूर्ण नीति पर मंद-मंद मुस्करा रहे थे...

कार्यक्रम शुरू हुआ, विमोचन का और क्या ... आप क्या सोच रहे थे ..पुस्तक बिकने का .. आप भी न...! श्रोताओं की भीड़ उमड़ पड़ी, लेकिन बुक स्टॉल पर नहीं... नाश्ते की स्टॉल पर!

वो क्या है... किताबों से सुगंध नहीं आती न... बाहर नाश्ते की भीनी खुशबू से मंत्रमुग्ध लोग बिना नजरों के हेराफेरी किए अब उधरिश्च ही निकल लिए...

मंचासीन अतिथि भी मंच पर टंगे बार-बार घड़ी देख रहे थे।

कुछ अतिसम्मानित श्रोता रसिक जी के सम्मान में पहनाई गई माला की शिष्टता के भार से दबे हुए पहली पंक्ति में विराजमान थे, लेकिन बस निकलने के लिए छटपटा रहे थे।

रसिक जी बार-बार प्रकाशक को फोन कर रहे थे—

“आपने लड़का नहीं भेजा? स्टॉल खाली है! किताबें देने वाला कोई नहीं है वहाँ!”

प्रकाशक टालमटोल कर रहे थे। वह खुद भी नहीं आए। रसिक जी ने सम्मान का प्रलोभन दिया कि "वो आपका मोमेंटो...!"
बोले, "उसका क्या? उसे आप घर भिजवा देना। यह सम्मान-वम्मान, मंच-वंच से दूर रहता हूँ मैं।"
अब रसिक जी का मन डूबने लगा...
बार-बार उनकी निगाहें विमोचन कार्यक्रम से दूर लगे स्टॉल पर चली जातीं।
वक्ता महोदय बारी बारी से रसिक जी और उनकी किताब के गुणगान कर रहे थे...
बचे-खुचे श्रोता ताली बजा रहे थे, लेकिन सबसे ज्यादा तालियाँ तब बजीं जब वक्ता ने रसिक जी की "सहृदयता" का बखान किया—

"देखो, आज रसिक जी ने इस अवसर पर सभी आमंत्रित अतिथियों को यह पुस्तक निशुल्क उपलब्ध कराई है!" घोषणा होते ही बाहर अंदर जो भी अतिथि थे, ज्ञान लूटने के इस मौके पर टूट पड़े...!

रसिक जी मंच से संचालक की तरफ देखने लगे, जिन्हें यह घोषणा करनी थी कि "पुस्तक विशेष छूट दर पर उपलब्ध है..."
लेकिन वो मुख्य अतिथि के साथ फोटो खिंचवाने में व्यस्त थे!
रसिक जी को अब हर ओर से वही शब्द सुनाई दे रहे थे—

"पुस्तक बहुत अच्छी है... कवर शानदार है... आप बड़े सहृदय हैं... देख लेना, साहित्य जगत में यह कालजयी पुस्तक होगी... हमारी दुआएँ आपके साथ हैं..."
रसिक जी की मुख-मुद्रा...
बस वही हो सकती थी जो ऐसे मौके पर होती है...

"अब मैं क्या बताऊँ..."

वो तो बस यही सोच रहे थे... "घरवाली... ओह! सोचकर ही सिहर गए बेचारे..."