Viksit Deshon Ki Pehchan : Asghar Wajahat

विकसित देशों की पहचान : असग़र वजाहत

(1)

गुरु : विकसित देश की पहचान बताओ हरिराम।
हरिराम : विकसित देश कपड़ा नहीं बनाते गुरुदेव।
गुरु : तब वे क्या बनाते हैं?
हरिराम : वे हथियार बनाते हैं।
गुरु : तब वे अपना नंगापन कैसे ढकते हैं?
हरिराम : हथियारों से उनकी नंगई ढक जाती है।

(2)

गुरु : विकसित देश की पहचान बताओ हरिराम।
हरिराम : विकसित देश में लोग खाना नहीं पकाते।
गुरु : तब वे क्या खाते हैं?
हरिराम : वे 'फास्ट फूड` खाते हैं।
गुरु : हमारे खाने और 'फास्ट फूड` में क्या अंतर है।
हरिराम : हम खाने के पास जाते हैं और 'फास्टर फूड` खाने वाले के पास दौड़ता हुआ आता है।

(3)

गुरु : हरिराम विकसित देश की पहचान बताओ।
हरिराम : विकसित देशों में बच्चे नहीं पैदा होते।
गुरु : तब कहां कौन पैदा होते हैं?
हरिराम : तब वहां कौन पैदा होते हैं?
गुरु : वहां जवान लोग पैदा होते हैं जो पैदा होते ही काम करना शुरू कर देते हैं।

(4)

गुरु : विकसित देश की पहचान बताओ हरिराम।
हरिराम : विकसित देशों में सच्चा लोकतंत्र है।
गुरु : कैसे हरिराम?
हरिराम : क्योंकि वहां केवल दो राजनैतिक दल होते हैं।
गुरु : तीसरा क्यों नहीं होता?
हरिराम : तीसरा होने से सच्चा लोकतंत्र समाप्त हो जाता है।

(5)

गुरु : विकसित देश की पहचान बताओ हरिराम।
हरिराम : विकसित देशों में आदमी जानवरों से बड़ा प्यार करते हैं।
गुरु : क्यों?
हरिराम : क्योंकि जानवर आदमियों से बड़ा प्यार करते हैं।
गुरु : क्यों नहीं वहां आदमी आदमियों से और जानवरों से प्यार करते हैं?
हरिराम : क्योंकि विकसित देशों में आदमियों को आदमी और जानवरों को जानवर नहीं मिलते।

(6)

गुरु : विकसित देश की कोई पहचान बताओ हरिराम।
हरिराम : विकसित देश विकासशील देशों को दान देते हैं।
गुरु : और फिर?
हरिराम : फिर कर्ज देते हैं।
गुरु : और फिर?
हरिराम : फिर ब्याज के साथ कर्ज देते हैं।
गुरु : और फिर?
हरिराम : और फिर ब्याज ही कर्ज देते हैं।
गुरु : और फिर?
हरिराम : और फिर विकसित देशों को विकसित मान लेते हैं।

(7)

गुरु : विकसित देशों की पहचान बताओ हरिराम।
हरिराम : विकसित देशों में बूढ़े अलग रहते हैं।
गुरु : और जवान?
हरिराम : वे भी अलग रहते हैं।
गुरु : और अधेड़?
हरिराम : वे भी अलग रहते हैं।
गुरु : तब वहां साथ-साथ कौन रहता है?
हरिराम : सब अपने-अपने साथ रहते हैं।

(8)

गुरु : विकसित देशों की पहचान बताओ हरिराम।
हरिराम : विकसित देशों में मानसिक रोगी अधकि होते हैं।
गुरु : क्यों? शारीरिक रोगी क्यों नहीं होते?
हरिराम : क्योंकि शरीर पर तो उन्होंने अधिकार कर लिया है मन पर कोई अधिकार नहीं हो पाया है।

(9)

गुरु : विकसित देश की पहचान बताओ हरिराम।
हरिराम : विकसित देशों में तलाक़ें बहुत होती हैं।
गुरु : क्यों?
हरिराम : क्योंकि प्रेम बहुत होते हैं।
गुरु : प्रेम विवाह के बाद तलाक़ क्यों हो जाती है?
हरिराम : दूसरा प्रेम करने के लिए।

(10)

गुरु : विकसित देश की पहचान बताओ हरिराम।
हरिराम : विकसित देश मानव अधिकारों के प्रति बड़े सचेत रहते हैं।
गुरु : क्यों?
हरिराम : क्योंकि उनके पास ही विश्व की सबसे बड़ी सैन्य शक्ति है।
गुरु : हरिराम सैन्य शक्ति और मानव अधिकारों का क्या संबंध?
हरिराम : गुरुदेव, विकसित देश सैन्य बल द्वारा ही मानव अधिकारों की रक्षा करते हैं।